80 बच्चों को पिलाई गई स्वर्णप्राशन की दवा, 120 मरीजों की हुई नेत्र जांच
प्रयागराज:
ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से आयुर्वेद विभाग, प्रयागराज के द्वारा गुरुवार को विकास खंड धनूपुर के ग्राम बनकट स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय परिसर में ‘आयुष आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत आयुर्वेद चिकित्सा एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नवीन सोनी, प्रधान पति पंकज पाण्डेय, संस्कार भारती के सर्वेश पाण्डेय एवं डॉ. अवनीश पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर तथा भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण करके किया।
शिविर में कुल 250 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। बच्चों के स्वास्थ्य, मेधा विकास एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 80 बच्चों को मेधा वर्धक एवं इम्युनिटी वर्धक स्वर्णप्राशन की दवा पिलाई गई।
शिविर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण की विशेष व्यवस्था की गई, जिसके अंतर्गत 120 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान मोतियाबिंद से प्रभावित पाए गए अथवा संदिग्ध 30 मरीजों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया गया, ताकि उन्हें समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
चिकित्सा शिविर में पाचन संबंधी विकार, त्वचा रोग, लीवर की समस्याएं, बवासीर, भगंदर, महिलाओं से संबंधित रोग, सर्दी-खांसी, श्वसन संबंधी समस्याएं, जोड़ों का दर्द, गठिया, मोटापा एवं मधुमेह सहित विभिन्न रोगों के संबंध में परामर्श दिया गया। साथ ही ब्लड शुगर की जांच तथा आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ.नवीन सोनी ने संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग एवं व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को बीमारियों की समय पर पहचान और उचित उपचार के प्रति जागरूक किया।
शिविर में हंडिया, बरौत, अतरौरा एवं हरीपुर मर्रो स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के चिकित्साधिकारी डॉ. अवनीश पाण्डेय, डॉ. सुनील दत्त द्विवेदी, डॉ सुमन मिश्रा, डॉ. भावना दत्त एवं डॉ विवेक शुक्ला सहित चिकित्सकीय टीम ने रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया।
कार्यक्रम का निदेशन डॉ. नवीन सोनी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, प्रयागराज द्वारा किया गया।
शिविर में जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष डॉ. हरे कृष्ण मिश्रा, प्राथमिक विद्यालय बनकट के प्रधानाचार्य रघुवीर कुमार राव, फार्मासिस्ट दिनेश दुबे विजय बहादुर मौर्य निलेश कुमार, रामलाल, रमेश पाल का विशेष सहयोग रहा।
______
डॉ नवीन सोनी
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी प्रयागराज

