प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ) बलिया। विधानसभा बांसडीह के मनियर स्थित चांदू पाकड़ के विश्वनाथ मैरिज हॉल में सोमवार को समाजवादी पार्टी के बूथ प्रभारियों, सेक्टर प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कार्यकर्ताओं ने आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और पार्टी को पूर्ण बहुमत से विजयी बनाने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी के पुत्र रंजीत चौधरी तथा सांसद रमाशंकर राजभर उर्फ विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा बूथ एवं सेक्टर प्रभारियों को फूल, टोपी और गमछा पहनाकर सम्मानित करने के साथ हुआ।
व्यक्ति नहीं, ‘साइकिल’ निशान देखकर करें मतदान: रंजीत चौधरीबैठक को संबोधित करते हुए रजीत चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कथित अत्याचारों और नीतियों के खिलाफ समाजवादी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मजबूती और साहस के साथ खड़ा है। उन्होंने अपने पिता व पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी के कार्यकाल में क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया।
रंजीत चौधरी ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा:"2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी शीर्ष नेतृत्व जिसे भी प्रत्याशी बनाकर भेजेगा, हमें व्यक्ति विशेष को न देखकर केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व और चुनाव चिह्न 'साइकिल' को ध्यान में रखकर मतदान करना है। स्वर्गीय डॉ. राम मनोहर लोहिया के सपनों को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।"
सरकार की कार्यप्रणाली पर सांसद रमाशंकर राजभर ने उठाए सवालसांसद रमाशंकर राजभर उर्फ विद्यार्थी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की मंशा पंचायत चुनाव कराने की नहीं दिख रही है। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों की सुस्त प्रक्रिया और कार्ययोजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि सितंबर से दिसंबर तक सिर्फ योजनाएं बनती हैं और धरातल पर काम फरवरी से शुरू कराया जाता है। इसके अलावा उन्होंने सरयू नदी से होने वाले कटान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद इस संगठनात्मक बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे:
शिवनारायण राय (नगर अध्यक्ष)
उदय बहादुर सिंह (विधानसभा अध्यक्ष)
रमाशंकर यादव (ब्लॉक अध्यक्ष)
गुरुज लाल राजभर, बृजेश पांडेय, धर्मेंद्र मणिक, संकल्प सिंह, रवि प्रताप, कान्ह जी पांडेय, उपेंद्र पटेल एवं विजय यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता।


