प्रयागराज: उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड, प्रयागराज के तत्वावधान में 22 सितंबर 2026 को कटरा स्थिति आशीर्वाद गेस्ट हाउस (जगराम चौराहा) में मण्डल स्तरीय माटीकला पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रयागराज मण्डल के चारों जनपदों—प्रयागराज, प्रतापगढ़, फतेहपुर और कौशाम्बी—से आए माटीकला के मूर्तिकारों एवं शिल्पकारों ने अपनी अद्वितीय और स्वरचित कला कृतियों का प्रदर्शन किया।
उत्कृष्टता के आधार पर चुने गए विजेता
तीन सदस्यीय चयन समिति द्वारा कला कृतियों की बारीकी और उत्कृष्टता का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया गया:
प्रथम पुरस्कार: ऋचा राज (पत्नी स्व. चन्दन कुमार वर्मा), कालिन्दीपुरम, प्रयागराज
द्वितीय पुरस्कार: आदित्य प्रजापति (पुत्र विजय कुमार), अल्लापुर, प्रयागराज
तृतीय पुरस्कार: आमन्त राय (पुत्र बर्दी नारायण कौशरिया), प्रयागराज
कलाकारों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बहिरिया के ब्लॉक प्रमुख शशांक मिश्रा ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने माटीकला के सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने वर्तमान बाजार की मांग और भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए शिल्पकारों को आधुनिक दौर के अनुसार बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, प्रयागराज मण्डल ने माटीकला बोर्ड की विभिन्न जनकल्याणकारी और प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी तथा स्थानीय कलाकारों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी जवाहर लाल, ग्रामोद्योग अधिकारी राजेश कुमार सिंह व नन्द लाल पटेल सहित कनिष्ठ सहायक सुनील कुमार, प्रधान सहायक अमित कुमार, पवन यादव, महेन्द्र कुमार कुशवाहा, ओम प्रकाश मौर्य, उर्मिला, संदीप कुमार, हिमांशु यादव, अनुज द्विवेदी, विष्णु मिश्रा, दिनेश दूबे, आशीष यादव और महेश सिंह समेत विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग कार्यालय, प्रयागराज द्वारा किया गया।



