बलिया (यूपी)। मनियर थाना क्षेत्र के समीप शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
थाने के पास खड़ी बोलेरो में पीछे से मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे मनियर थाने के बगल में एक बोलेरो गाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन युवक पीछे से बोलेरो से जा टकराए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचते ही एक को घोषित किया मृत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मोहित राजभर (18) पुत्र सूर्यदेव राजभर (निवासी मलाहु टोला, वार्ड नंबर-12, मनियर) के रूप में हुई है।
दो घायल वाराणसी के बाद मऊ में भर्ती
हादसे में घायल दो अन्य युवकों—शनि पासवान (16) पुत्र लक्ष्मण पासवान (निवासी चांदू पाकड़, वार्ड नंबर-4, मनियर) और अर्जुन राजभर (18) पुत्र जीउत राजभर (निवासी धनौती, मनियर) को प्राथमिक इलाज के बाद बलिया और फिर वाराणसी रेफर किया गया। हालांकि, परिजन गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों का इलाज मऊ के एक अस्पताल में करा रहे हैं।
विसर्जन से लौटते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि तीनों युवक गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया है। हादसे के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

