प्रयागराज, 12 सितंबर: जनपद प्रयागराज में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान-2026' का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले भर में जनसेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को संगम सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी (DM) श्री मनीष कुमार वर्मा ने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाने और कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
अभियान के मुख्य आकर्षण एवं प्रमुख कार्यक्रमआशीर्वाद का दीया (17 सितंबर): प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, नदी-घाटों, मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों और अस्पतालों में विशेष दीप प्रज्वलन होगा। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थी शाम 7:00 बजे अपने घरों में दीये जलाएंगे।
25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत: शासकीय व निजी स्कूलों में कक्षा 5 से 8 तक ड्राइंग प्रतियोगिता और कक्षा 9 से 12 तक भाषण प्रतियोगिता होगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद और 'विकसित भारत-विकसित यूपी' थीम पर वाद-विवाद आयोजित होंगे।
नमो सेवा गाथा: ग्राम पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) पर विशेष मंचन होगा।
आंगन का उत्सव: आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3 दिवसीय उत्सव, आशा बहू व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान, 'हेल्दी बेबी' प्रतियोगिता और बच्चों को पोषाहार, कॉमिक्स व मिठाइयों का वितरण किया जाएगा।
सेवा मेरा योगदान: स्वच्छता अभियान, नदियों और घाटों की सफाई, सघन पौधारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, अंगदान संकल्प और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक नागरिक से कम से कम 25 मिनट का श्रमदान करने का आह्वान किया गया है। सेवा सेतु अभियान (सरकार आपके द्वार): विकास खंड स्तर पर 7 बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन होगा, जहाँ एक ही स्थान पर सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी, ऑन-द-स्पॉट फॉर्म भरने और सत्यापन की सुविधा मिलेगी।
रंगोली राष्ट्र: चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर 108 मीटर व्यास का भारत मंडल और भव्य ह्यूमन रंगोली बनाई जाएगी।
अधिकारियों को जिम्मेदारी और नोडल अधिकारी की तैनाती जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को मुख्य नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक विशिष्ट कार्यक्रम के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
बैठक में नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा, जिला विकास अधिकारी जी.पी. कुशवाहा, परियोजना निदेशक भूपेंद्र सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


