जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

 


प्रयागराज में जुटीं प्रदेश भर की 18 मंडलों और स्पोर्ट्स कॉलेजों की टीमें

1590 बाल-बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का दिखाएंगे दम

"प्रतिभा साबित करने का यह सबसे बड़ा मंच" – डीएम मनीष कुमार वर्मा


प्रयागराज। जनपद के सीएबी इंटर कॉलेज में गुरुवार को 4 दिवसीय 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रंगारंग व भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित और ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का आधिकारिक उद्घाटन किया। 24 सितंबर से 27 सितंबर तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर से खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।


सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

उद्घाटन समारोह में जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज, डीपी गर्ल्स इंटर कॉलेज और ईश्वर शरण बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत व नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने पारंपरिक लोक नृत्य 'कजरी' की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे जिलाधिकारी और उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा।

खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

विभिन्न मंडलों से आए खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा, "यदि आप में क्षमता है तो यह आपको खुद को साबित करने का एक बेहतरीन मंच मिला है। आपकी कड़ी मेहनत और सफलता आपको राष्ट्रीय व उच्च स्तर तक ले जाएगी।"

संयुक्त शिक्षा निदेशक आर. एन. विश्वकर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त करेगा।


18 मंडलों के 1590 खिलाड़ी ले रहे भाग

कार्यक्रम के दौरान उमेश खरे ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस चार दिवसीय आयोजन में उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों के साथ-साथ स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और गोरखपुर की अंडर-14, 17 एवं 19 (बालक व बालिका) वर्ग की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें कुल 1590 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


अतिथियों का सम्मान व धन्यवाद ज्ञापन

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर शिक्षा निदेशक (व्यावसायिक) सुरेंद्र कुमार तिवारी और अपर निदेशक (बेसिक शिक्षा) मनोज कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे। खेल सचिव ब्रजेश श्रीवास्तव, राजकुमार और रंजना सिंह ने अतिथियों को बैज व कैप पहनाकर स्वागत किया। अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों व खिलाड़ियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए खिलाड़ियों के सुखद प्रवास की कामना की।

समारोह का सफल संचालन डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर उप सचिव (बेसिक शिक्षा) अजय प्रताप सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार गिरी, जितेंद्र प्रताप सिंह, नीरज केसरी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, खेल शिक्षक व शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies