प्रयागराज। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. की अध्यक्षता में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की 143वीं बोर्ड और अवस्थापना बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी श्री मनीष वर्मा, PDA उपाध्यक्ष श्री ऋषिराज और नगर आयुक्त श्री साईं तेजा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसमें स्मार्ट सिटी मिशन, महायोजना-2031, लैंड बैंक, कुंभ मेला और शहर के अवस्थापना विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर मुहर लगाई गई।
बैठक के मुख्य निर्णय और हाइलाइट्स:
बेटरमेंट शुल्क में बड़ी राहत: स्वीकृत मानचित्र वाले पुराने मकानों में अब केवल अतिरिक्त निर्माण पर ही बेटरमेंट शुल्क लिया जाएगा। साथ ही, संशोधित दरें अगले 5 वर्षों के लिए फ्रीज रहेंगी।
602 नए 2-BHK आवास: कसारी-मसारी की पदम लोक योजना के तहत 602 टू-बीएचके फ्लैट्स के निर्माण और आवंटन को मंजूरी मिली। आवंटन पारदर्शी ऑनलाइन लॉटरी के जरिए होगा, जिसमें दिव्यांगों व पात्र वर्गों को नियमानुसार आरक्षण मिलेगा।
सस्ते होंगे रिक्त फ्लैट्स: 'आदर्श कॉस्टिंग गाइडलाइंस-2025' के तहत प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में बचे हुए रिक्त फ्लैटों की लागत घटाकर नई दरें जल्द जारी की जाएंगी।
मास्टर प्लान व ई-ऑक्शन: 6 जोन और 31 सब-जोन को मिलाकर समेकित मास्टर प्लान तैयार करने हेतु RFP को मंजूरी दी गई। व्यावसायिक व आवासीय भूखंडों का निस्तारण ई-ऑक्शन से होगा।
लैंड बैंक और एयरोसिटी: एयरोसिटी परियोजना व लैंड बैंक सृजन के लिए टोल-फ्री नंबर और सार्वजनिक सूचना जारी होगी, ताकि भू-स्वामी बिना बिचौलियों के सीधे PDA से संपर्क कर सकें।
अधिसूचना रहित 45 गांव: महायोजना-2031 के बिना अधिसूचना वाले 45 गांवों में मानचित्र स्वीकृति पर रोक संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
अवस्थापना बैठक में 34 विकास कार्यों को हरी झंडी:
बैठक में सड़क, नाला, पार्क और सौंदर्यीकरण से जुड़े 34 कार्यों को मंजूरी दी गई।
प्रमुख निर्माण कार्य: लेटे हुए हनुमान जी मंदिर कॉरिडोर के पास रिटेनिंग वॉल, नैनी अरैल बंधा पर स्टोन-कट/पिचिंग, बेली रोड व मम्फोर्डगंज में नाली निर्माण, जगराम चौराहा-कटरा लिंक रोड चौड़ीकरण, और रसूलाबाद लिंक रोड का निर्माण।
ग्लो पार्क और जीरो टॉलरेंस वेस्ट रोड: पीडी टंडन पार्क को 'ग्लो पार्क' व 'वेस्ट टू वंडर' (स्क्रैप से बनी कलाकृतियां) की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। एमजी रोड को 'जीरो टॉलरेंस वेस्ट रोड' बनाया जाएगा।
महेवा जंक्शन व अन्य निर्देश: महेवा जंक्शन पर बिजली तार भूमिगत होंगे। सड़कों पर पौधे फुटपाथ के अंतिम छोर पर लगाए जाएंगे ताकि आवागमन प्रभावित न हो। शहर के तालाबों को जॉगर्स/वॉकर्स के लिए विकसित किया जाएगा।
लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश:
कल्चरल कॉम्प्लेक्स के कार्यों में ढिलाई पर मंडलायुक्त ने PDA के मुख्य अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही रेंटल प्रॉपर्टीज की समय पर वसूली के लिए ऑटोमैटिक मॉनिटरिंग सिस्टम बनाने को कहा गया।



