कोल्हुई–लोटन मार्ग पर नाला निर्माण की कवायद तेज: विशेष सचिव को पत्र के बाद PWD टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

कोल्हुई–लोटन मार्ग पर नाला निर्माण की कवायद तेज: विशेष सचिव को पत्र के बाद PWD टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण



महराजगंज। जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल की पहल पर एक्शन में PWD; लोटन तिराहे पर जलभराव और कीचड़ से कस्बावासियों को मिलेगी मुक्ति।महराजगंज:कोल्हुई बाजार से लोटन जाने वाले राज्य मार्ग-129 (SH-129) पर लंबे समय से लंबित नाला निर्माण कार्य को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सक्रियता बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल की मांग और जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के बाद गुरुवार को PWD की उच्चस्तरीय टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। कोल्हुई बाजार से लोटन जाने वाले राज्य मार्ग-129 (SH-129) पर शेष नाला निर्माण की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग ने कवायद तेज कर दी है। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल की लगातार मांग के बाद गुरुवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शेष नाला निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एडिसन जी, सहायक अभियंता नवनीत सिंह और अवर अभियंता संदीप भारती ने जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल एवं जिला महासचिव नफीस अंसारी के साथ कोल्हुई–लोटन मार्ग के आबादी क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जिला पंचायत द्वारा जहां तक नाला बनवाया गया है, वहां से मुख्य लोटन तिराहे तक शेष करीब 400 मीटर से अधिक हिस्से की स्थिति देखी।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलनिकासी की समस्या, नाला निर्माण की आवश्यकता और मौके की स्थिति का परीक्षण किया। अधिकारियों ने जिलाध्यक्ष को आश्वस्त किया कि शेष हिस्से को विभागीय कार्ययोजना में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। आवश्यक तकनीकी एवं विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाला निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

2025 से लगातार उठ रही मांग

शेष नाला निर्माण को लेकर जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल अपने समर्थको के साथ वर्ष 2025 से लगातार आवाज उठाते आ रहे हैं। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के 18 अगस्त 2025 के पत्र संख्या 471/C-13/2025 तथा 11 सितंबर 2025 के पत्र संख्या 613/C-13/2025 का भी संदर्भ दिया गया है। इसके अलावा 18 सितंबर 2025 और 18 अगस्त 2026 की उद्योग बंधु बैठकों में भी यह मुद्दा अधिकारियों के समक्ष रखा गया था।

हाल ही में 14 सितंबर 2026 को जिलाध्यक्ष ने लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव प्रभुनाथ को पत्र भेजकर शेष नाले को विभागीय कार्ययोजना में शामिल करने, तकनीकी आगणन तैयार कराने तथा आवश्यक स्वीकृति और बजट उपलब्ध कराने की मांग की थी। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी महराजगंज समेत संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

करीब 400 मीटर नाला पहले ही बन चुका

बताया गया कि जिलाध्यक्ष की मांग के क्रम में जिला पंचायत द्वारा पहले ही करीब 400 मीटर नाले का निर्माण कराया जा चुका है। इसमें लगभग 308 मीटर हिस्से पर कवर/ढक्कन लगाए जाने की जानकारी दी गई है। वहीं जिला पंचायत के नाले के अंतिम छोर से मुख्य लोटन तिराहे तक अभी करीब 400 मीटर से अधिक नाला निर्माण शेष है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के दौरान इस हिस्से में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। इससे आबादी क्षेत्र के लोगों के साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आबादी के पीछे स्थित सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि की जलनिकासी भी इसी क्षेत्र से जुड़ी होने के कारण प्रस्तावित नाला निर्माण को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निरीक्षण से जगी उम्मीद

स्थलीय निरीक्षण और अधिकारियों के आश्वासन के बाद जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल एवं जिला महासचिव नफीस अंसारी ने अधिकारियों का आभार जताया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि लंबे समय से उठाई जा रही मांग पर विभागीय अधिकारियों का मौके पर पहुंचकर स्थलीय परीक्षण करना सकारात्मक कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तकनीकी और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष नाला निर्माण का कार्य जल्द आगे बढ़ेगा, जिससे कोल्हुई बाजार के आबादी क्षेत्र की जलनिकासी समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies