प्रयागराज। क्षेत्रीय नेत्र संस्थान, एम.डी. नेत्र चिकित्सालय में 25 अगस्त से 8 सितंबर तक आयोजित 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का समापन जागरूकता कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने स्वयं नेत्रदान का संकल्प पत्र भरकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी धर्मपत्नी डॉ. अंकिता राज ने भी नेत्रदान का संकल्प लेने की घोषणा की।
जिलाधिकारी ने नेत्रदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि एक छोटा सा निर्णय किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद और प्रकाश ला सकता है। उन्होंने आम जनता से मृत्यु के बाद नेत्रदान का संकल्प लेने और समाज में इसके प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियां:
708 संकल्प पत्र: पखवाड़े के दौरान चिकित्सकों की टीमों ने विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में जागरूकता अभियान चलाकर कुल 708 लोगों से नेत्रदान संकल्प पत्र भरवाए।
दाता परिवारों का सम्मान: कार्यक्रम के दौरान नेत्रदान करने वाले दिवंगत दाताओं के परिजनों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
प्रतिभागियों को पुरस्कार: पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता ऑप्टोमेट्रिस्टों एवं जूनियर रेजिडेंट्स को उत्कृष्ट संदेश देने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रो. एस.पी. सिंह, निदेशक प्रो. संतोष कुमार, प्रो. जागृति राणा, आई बैंक प्रभारी डॉ. आरती सिंह और सीएमएस डॉ. एस.एस. सिन्हा सहित अनेक चिकित्सक व गणमान्य लोग मौजूद रहे।


