लखनऊ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर आज सूचना निदेशालय, लखनऊ में 'राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन' के तत्वावधान में विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, त्याग और राष्ट्र सेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने 'एकात्म मानववाद' और 'अंत्योदय' का दर्शन देकर भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। पंडित जी का मानना था कि विकास का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।
सूचना निदेशक ने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अंत्योदय के इसी मंत्र को साकार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी जन-कल्याणकारी योजनाएं उनके सपनों को धरातल पर उतार रही हैं। उन्होंने सूचना विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्रा ने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन आज भी हमारे लिए सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व अब्दुल वहीद द्वारा सूचना निदेशक तथा डॉ. सुल्तान शाकिर द्वारा अपर सूचना निदेशक को बुके एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. पवन पुत्र बादल ने की। इस मौके पर वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश भारती, डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह, चंद्र मोहन, अमित कुमार यादव और प्रभात श्रीवास्तव सहित निदेशालय के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

