प्रयागराज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की आगामी जयंती को गरिमापूर्ण और भव्य रूप से मनाये जाने के उद्देश्य से बुधवार को संगम सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांधी जी की पावन स्मृति, उनके अतुलनीय योगदान तथा उनके विचारों से प्रेरणा लेने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम को शहर भर में स्थापित मूर्तियों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने और विशेष रूप से मलिन बस्तियों व नदियों के तटीय क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में पंचायती राज विभाग को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाने का दायित्व सौंपा गया है।
जिलाधिकारी ने सभी सरकारी व अर्द्धसरकारी कार्यालयों में स्वच्छता कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया। शिक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) से कहा कि वे विद्यालयों में महात्मा गांधी जी के जीवन दर्शन और विचारों पर आधारित निबंध, भाषण, चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराएं।
गांधी जयंती के अवसर पर सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी भवनों व संस्थानों में सम्मानपूर्वक राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा और राष्ट्रगान का गायन होगा। इसके साथ ही कार्यालयों में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण, विचार गोष्ठियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) उपमा पांडेय सहित जिला प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

