गोण्डा (ब्यूरो रिपोर्ट - शिव शरण) | 08 अगस्त 2026
ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और पुलिस के स्थानीय सूचना तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गोण्डा पुलिस ने एक बड़ी पहल की है। शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए 301 पुलिस चौकीदारों को साइकिलें वितरित कीं।
ग्रामीण पुलिसिंग की मजबूत कड़ी हैं चौकीदार: SP
कार्यक्रम के दौरान चौकीदारों से सीधा संवाद करते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा कि पुलिस चौकीदार ग्रामीण अंचलों में विभाग की आंख और कान के रूप में कार्य करते हैं। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
SP ने सभी चौकीदारों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील और सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति, आपसी विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी तुरंत संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराएं।
आवागमन होगा सुगम, सूचना तंत्र में आएगी तेजी
साइकिल वितरण का मुख्य उद्देश्य चौकीदारों के आवागमन को आसान बनाना है, जिससे वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों और क्षेत्रों में सुगमता से गश्त कर सकें। इससे पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और किसी भी घटना की सूचना त्वरित गति से पुलिस तक पहुंच सकेगी।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी रेखांकित किया कि जनसहयोग ही प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। पुलिस विभाग चौकीदारों की कार्यक्षमता को बढ़ाने और उन्हें अपने कर्तव्यों का पालन करने में हर संभव सहयोग देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक दवाच्यॉ, प्रतिसार निरीक्षक अजय प्रताप सिंह सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विभिन्न थानों से आए पुलिस चौकीदार उपस्थित रहे।

