प्रयागराज। नवनियुक्त मण्डलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने गुरुवार को प्रयागराज पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद एक्शन मोड में नजर आए मण्डलायुक्त ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पदभार ग्रहण करने के बाद मण्डलायुक्त ने गांधी सभागार में कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा की और शासकीय कार्यों को पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ निपटाने के निर्देश दिए।
पटलों के निरीक्षण में दिए ये प्रमुख निर्देश:
फाइलों का व्यवस्थित रख-रखाव: सभी पटल प्रभारियों को एक सप्ताह के भीतर फाइलों को सुव्यवस्थित करने और प्रत्येक पत्रावली पर नंबरिंग पट्टिका अंकित करने का समय दिया गया है।
नेमप्लेट और मास्टर रजिस्टर: सभी पटल सहायकों को अपनी टेबल पर नाम, पदनाम और कार्यक्षेत्र दर्शाने वाली नेमप्लेट लगाने तथा एक मास्टर रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए।
समयबद्ध निस्तारण: विचाराधीन मामलों और पत्रावलियों को स्पष्ट रूप से चिन्हित कर उनका समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
परिसर में सफाई और पेयजल व्यवस्था पर जोर
मण्डलायुक्त ने आयुक्त कार्यालय परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में जगह-जगह डस्टबिन रखवाने और आरओ पेयजल स्थल के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह बाद वे पुनः कार्यालय का निरीक्षण करेंगे, तब तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलनी चाहिए।
जनता के साथ अच्छे व्यवहार की हिदायत
मण्डलायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यालय में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले आम नागरिकों के साथ शालीनता से व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का नियमानुसार व त्वरित समाधान किया जाए।


