प्रयागराज। शहर पश्चिम विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने शुक्रवार को मम्फोर्डगंज स्थित पारसी दख्मा (पारसी कब्रिस्तान) पहुंचकर देश के पूर्व सांसद स्व. फिरोज गांधी की मजार पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनके साथ अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
मजार परिसर में साफ-सफाई और लाइटिंग की समुचित व्यवस्था न होने पर विधायक ने गहरी चिंता व्यक्त की। परिसर की बदहाली को देखते हुए उन्होंने मौके पर ही अपर नगर आयुक्त और नगर मजिस्ट्रेट को व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने अधिकारियों को परिसर में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त लाइटिंग, जर्जर दीवारों की मरम्मत और रंग-रोगन कराने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने मजार पर लगे धुंधले हो चुके नेमप्लेट को भी जल्द से जल्द पुनः स्पष्ट रूप से अंकित कराने के निर्देश दिए, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी सुविधा का सामना न करना पड़े।

