प्रदीप बच्चन (व्युरो चीफ)
बलिया (यूपी)। मनियर थाना क्षेत्र के दक्षिण पटखौली गांव की नाबालिग किशोरी, जिसने कथित तौर पर अश्लील वीडियो वायरल होने और शादी के लिए दबाव बनाए जाने से मानसिक तनाव में आकर आत्मघाती कदम उठाया था, उसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव पैतृक गांव लाया गया, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
दफन के दौरान उपजिलाधिकारी बांसडीह पुष्कर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक मनियर अजय कुमार त्रिपाठी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। विदेश में रह रहे मृतका के पिता ने वीडियो कॉल के माध्यम से अधिकारियों से बातचीत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने उन्हें निष्पक्ष और कठोर कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया।
इसी बीच बलिया पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, जाहिद पुत्र फिरोज (23 वर्ष) ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर वीडियो कॉल के जरिए उसका अश्लील वीडियो बना लिया और शादी के लिए दबाव डालते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि शादी से इनकार करने पर उसने वीडियो अपने साथी इस्माईल शाह पुत्र एजाज (20 वर्ष) को भेजा, जिसने उसे अन्य लोगों के बीच वायरल कर दिया।
पीड़िता द्वारा मानसिक अवसाद में आत्महत्या का प्रयास किए जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पहले दर्ज मुकदमे में अब बीएनएस की धारा 74, 108 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 की बढ़ोत्तरी की गई है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल एवं क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्रा के पर्यवेक्षण में मनियर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायालय भेज दिया है।
