प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (पी.आर.डी.) के जवानों के लिए 18 अगस्त का दिन एक ऐतिहासिक और सौगातों से भरा दिन साबित हुआ। बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ ताल, गोरखपुर से राज्य के माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा पी.आर.डी. स्वयंसेवकों के दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी और 'मुख्यमंत्री पी.आर.डी. कैशलेस चिकित्सा योजना' का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
महानिदेशालय लखनऊ के निर्देशानुसार, जनपद प्रयागराज के विकास भवन स्थित सरस केंद्र सभागार में इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का पूर्वाह्न 11:00 बजे से सजीव (लाइव) प्रसारण किया गया। प्रयागराज के इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मा. विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) श्री सुरेंद्र चौधरी उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद के विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पी.आर.डी. स्वयंसेवक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की प्रमुख बिंदु और घोषणाएं:
ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी: मुख्यमंत्री जी ने पी.आर.डी. जवानों के दैनिक ड्यूटी भत्ते में ₹100 प्रतिदिवस की बढ़ोतरी की घोषणा की, जिससे प्रदेश के लगभग 32,000 पी.आर.डी. जवानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
कैशलेस चिकित्सा योजना: 'मुख्यमंत्री पी.आर.डी. कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ किया गया, जिससे जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवर प्राप्त होगा।
मल्टीस्टोरी बैरक का शिलान्यास: मुख्यमंत्री जी ने रिमोट का बटन दबाकर सरोजनी नगर, लखनऊ में पी.आर.डी. स्वयंसेवकों के लिए अत्याधुनिक मल्टीस्टोरी बैरक के निर्माण का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री सुरेंद्र चौधरी ने उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पी.आर.डी. जवान अत्यंत निष्ठा, अनुशासन और तत्परता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। मुख्यमंत्री जी द्वारा दिया गया यह विशेष तोहफा जवानों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उनके सामाजिक और आर्थिक कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


