प्रयागराज। शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और नालों की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने मंगलवार को धरातल पर उतरकर मोर्चा संभाला। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा और नगर आयुक्त श्री सीलम साईं तेजा के साथ उन्होंने शहर के कई प्रमुख जलभराव वाले क्षेत्रों और नालों का औचक निरीक्षण किया। सफाई कार्यों में लापरवाही और धीमी प्रगति देखकर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर निगम के मुख्य अभियंता का वेतन रोकने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी कार्य तात्कालिक उपाय न होकर स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने वाले होने चाहिए।
बालसन चौराहे से लेकर जॉर्जटाउन तक नालों की जांच
मंडलायुक्त ने बालसन चौराहे, जवाहर लाल नेहरू रोड (पार्वती हॉस्पिटल के पास), बाइपास नाले, सीवाई चिंतामणि रोड (जॉर्जटाउन थाना चौराहा) और मेडिकल कॉलेज चौराहे पर ड्रेनेज सिस्टम का जायजा लिया।
सीवर और सुरक्षा: पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता के आवास के नीचे से गुजर रहे नाले में सिल्ट सफाई और ड्रेनेज में सीवर का पानी न मिलने देने के निर्देश दिए। खुले नालों पर सुरक्षा जाल लगाने को कहा गया।
बकेट मशीन और रोड कटिंग: पार्वती हॉस्पिटल ड्रेन पर सुस्त सफाई पर बकेट मशीन लगाने के निर्देश दिए। संगम पेट्रोल पंप के सामने आवश्यकतानुसार रोड कटिंग कर ड्रेन को मुख्य नाले से जोड़ने को कहा गया।
चोक पॉइंट्स पर स्थायी समाधान: बाइपास और जॉर्जटाउन क्षेत्र में भूमिगत ड्रेन के चोक पॉइंट्स की पहचान के लिए पूरे ड्रेन का मैप तैयार करने और कंक्रीट कवरिंग की जगह जाल लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे भविष्य में मशीनों से आसानी से सफाई हो सके।
MG रोड बनेगा 'जीरो टॉलरेंस' मॉडल रोड
सिविल लाइंस स्थित एमजी रोड (सुभाष चौराहे से कॉफी हाउस तक) का निरीक्षण करते हुए मंडलायुक्त ने इसे शहर की एक आदर्श और व्यवस्थित सड़क के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना बनाने को कहा।
अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर वार: एमजी रोड को 'जीरो टॉलरेंस रोड' घोषित करते हुए सड़क के कैरिजवे पर अवैध पार्किंग रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए।
सौंदर्यीकरण: सड़क को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ व्यापक सौंदर्यीकरण कराने की योजना पर चर्चा की गई।


