बलिया (उत्तर प्रदेश) | प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
मनियर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ मोबाइल खोने के बाद पीड़ित के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने ₹73,450 उड़ा लिए। हालाँकि, मनियर पुलिस और साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते पीड़ित को उसकी गाढ़ी कमाई का बड़ा हिस्सा वापस मिल गया है।
दिल्ली से घर लौटते वक्त खोया था फोन
जानकारी के अनुसार, पिलुई गाँव के निवासी सत्येन्द्र चौहान दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। इसी यात्रा के दौरान उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। घर पहुँचने पर जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया, तो उनके होश उड़ गए—उनके खाते से ₹73,450 की अवैध निकासी हो चुकी थी।
साइबर हेल्प डेस्क और NCRP पोर्टल की त्वरित कार्रवाई
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत मनियर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर हेल्प डेस्क के जरिए शिकायत को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराया।
साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए ठगी गई कुल राशि में से ₹58,803 की रकम तुरंत होल्ड (फ्रीज) करा दी। इसके बाद न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए यह पूरी राशि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), मनियर शाखा स्थित सत्येन्द्र चौहान के खाते में सफलतापूर्वक वापस ट्रांसफर करा दी गई।
पीड़ित ने जताया पुलिस का आभार
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर सत्येन्द्र चौहान ने बलिया पुलिस और मनियर थाना टीम का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।

