बलिया (उत्तर प्रदेश): प्रज्ञा पब्लिक स्कूल, घाटमपुर (मनियर) में मंगलवार को अत्यंत उत्साह और धूमधाम के साथ विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से विद्यार्थियों और अध्यापकों ने क्षेत्रवासियों में राष्ट्रभक्ति का अलख जगाया।
नायब तहसीलदार और उप-निरीक्षक ने दिखाई हरी झंडी
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ बांसडीह के नायब तहसीलदार आशीष कुमार सिंह तथा मनियर थाने के उप-निरीक्षक संजय कुमार यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर किया। रैली की सुरक्षा और सम्मान में नायब तहसीलदार एवं पुलिस बल के जवान यात्रा के आगे-आगे चले।
देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हुआ मनियर क्षेत्र
विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर यह तिरंगा यात्रा मनियर बस स्टैंड तक पहुंची और पुनः अनुशासित तरीके से वापस लौटी। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए स्कूली बच्चों का उत्साह देखने लायक था। छात्र "तिरंगा हमारी शान है, घर-घर की पहचान है" जैसे देशभक्तिपूर्ण नारों से पूरे मार्ग को गुंजायमान कर रहे थे।
मुख्य अतिथियों का हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक पराशर मुनिपाल ने मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आशीष कुमार सिंह और उप-निरीक्षक संजय कुमार यादव को अंगवस्त्र भेंटकर एवं माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया।
शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस सफल आयोजन में मुख्य रूप से शिक्षक चंद्रमा मिश्रा, देवेंद्र वर्मा, सुनील भारद्वाज, अनिल पाठक, अजीत सिंह, आशुतोष मिश्रा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

