प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
बलिया/नोएडा (यूपी)
सावन की रिमझिम फुहारों, तीज की उमंग और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर “आया सावन झूम के” सावन एवं तीज महोत्सव का भव्य आयोजन नोएडा में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
वरिष्ठ साहित्यकार व पत्रकार प्राची राय ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुसुम राय, प्रीति चंद्रा, अर्चना त्यागी एवं शशि बाला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजन के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर सावन के गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। महिलाओं ने सोलह श्रृंगार, मेहंदी, लोकगीत और सावन के पारंपरिक झूलों का आनंद लिया। इस दौरान आयोजित ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया।
महिला भूमिहार समाज की अध्यक्ष डॉ. राजलक्ष्मी राय ने संबोधित करते हुए कहा कि सावन और तीज जैसे पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं की पहचान हैं। कजरी और सावन गीतों के माध्यम से इन परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ महिलाओं में सामाजिक एकजुटता बढ़ाना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इसी क्रम में “धरती की खुशहाली है हरियाली” के संदेश को अपनाते हुए उपस्थित महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने का वादा किया।
कार्यक्रम में स्मृति राय, मीनाक्षी शाही, उर्वशी राय, विजय लक्ष्मी राय, माधवी राय, ममता राय, सीमा राय, सरिता राय, शशि राय, पूजा ठाकुर, सोनी राय एवं संगीता शर्मा सहित लगभग 100 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में संस्था की अध्यक्ष डॉ. राजलक्ष्मी राय ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।

