माननीय उपमुख्यमंत्री जी जिला पंचायत सभागार में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारम्भ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हुए सम्मिलित
*मा0 उपमुख्यमंत्री जी के द्वारा बेसिक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत लाभार्थियों को डेमो चिकित्सा कार्ड का किया गया वितरित*
*डीबीटी के माध्यम से प्रति विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में भेजे गए 1,200 रूपये*
*कैशलेस चिकित्सा सुविधा से प्रदेश के शिक्षक, शिक्षामित्र, रसोईयां, विशेष शिक्षक व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कार्मिक व उनके परिवार के लोग होंगे लाभान्वित-माननीय उपमुख्यमंत्री*
*पर्यावरण संरक्षण के लिए 12 जुलाई को ‘‘एक पेड़ माँ के नाम अभियान’’ के तहत प्रदेश में रोपे जायेंगे 35 करोड़ पौधे*
*प्रयागराज 08 जुलाई, 2026।*
मा0 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अन्तर्गत 12 लाख शिक्षक एवं उनके परिवारों के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा हेल्थ कार्ड एवं 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के डी०बी०टी० के माध्यम से यूनिफार्म, जूता-मोजा, स्वेटर, बैग व स्टेशनरी हेतु प्रति छात्र-छात्रा हेतु 1200 रूपये वितरण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ प्रदेश स्तर पर बुधवार को वाराणसी जनपद से किया गया। जनपद प्रयागराज में कार्यक्रम का भव्य आयोजन जिला पंचायत सभागार में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मा० उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी सम्मिलित हुए। मा0 उपमुख्यमंत्री जी के द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बेसिक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा का डेमो कार्ड वितरित किया गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर लाभार्थी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के शिक्षकों तथा मध्यान्ह भोजन योजना की रसोइयों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा का प्रतीकात्मक कार्ड वितरित कर योजना की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर प्रभाकर त्रिपाठी के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मा0 उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अन्तर्गत लाभान्वित शिक्षकों, शिक्षामित्रों, रसोईयां, विशेष शिक्षकों व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कार्मिकों व उनके परिवारों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन प्रदेश के शिक्षा जगत और शिक्षकों के कल्याण के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मैं ईश्वर से यहीं प्रार्थना करता हूं आपको कभी कोई बीमारी न हो, परंतु अगर कोई बीमारी हो ही जाती है, तो आपके वेतन का पैसा इलाज पर खर्च न हो और कैशलेस चिकित्सा सुविधा के माध्यम से आपका इलाज हो जाये, यहीं इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के 12 लाख शिक्षक / शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत कर दी गई है। इस योजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षकों एवं उनके पात्र आश्रितों को आयुष्मान भारत से संबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है, जो उनके मनोबल को बढ़ाएगी और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को दूर करेगी। यह योजना न केवल एक सरकारी कर्मचारी को है बल्कि एक पूरे परिवार का आच्छदित करेगी यह योजना प्रभावी ढंग से लागू होने के उपरान्त एक समाजिक क्रांति का स्वरूप लायेगी। उपमुख्यमंत्री जी ने आगे बताया कि गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के अनुरूप परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के आर्थिक सहयोग के लिए उनके अभिभावकों के खातों में रू 1200 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जा रही है। इस डीबीटी के माध्यम से सम्बन्धित अभिभावक अपने बच्चे के लिए 02 सेट यूनीफार्म, जूत मोजा, स्टेशनरी एवं बैग आदि क्रय कर शिक्षा के प्रति बच्चों को जागरूक करेगा। उक्त दोनों योजनाओं से क्रमशः 12 लाख शिक्षक (कैशलेस) एवं 1.10 करोड़ विद्यार्थी (डीबीटी) लाभान्वित होंगे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्कूल डेªस, जूता-मोजा के लिए भेजे गये पैसो का सद्उपयोग करने तथा उसका अन्य किसी काम में उपयोग न किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि आप शिक्षकों के ऊपर बच्चों के परिवारों को शिक्षा के महत्व को समझाने का भी बड़ा दायित्व है। उन्होंने स्कूल डेªसों को समूह की दीदियों के माध्यम से क्रय किए जाने के लिए कहा, इससे दीदियों की कमाई बढ़ेगी और वह आगे चलकर लखपति दीदी बन जायेगी। उन्होंने पैसे का सही तरीके से उपयोग करने का दायित्व जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिया।
मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि समाज में सबसे ज्यादा सम्मान गुरूजनों का होता है, इस नाते आपका दायित्व भी बड़ा है। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया से समाज में एक नई तरीके विकृति आयी है, उस विकृति से बच्चों को व स्वयं को मुक्त रखना है। आज के डिजिटल युग में सबके पास स्मार्ट फोन है, हमें अच्छी चीजों को ग्रहण करना चाहिए तथा उसके बारे में लोगो को बताना चाहिए, लेकिन अत्यधिक प्रयोग से बचना भी चाहिए। आप लोग स्वस्थ मन, विचार के साथ बच्चों को आगे बढ़ाईयें। हमें अपने बच्चों के अंदर प्रभु श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर वैसे संस्कार लाने है। बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेल का भी बहुत महत्व है, इसलिए उन्हें खेल के प्रति जागरूक करें। खेल से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ही मांसिक स्वास्थ्य भी मजबूत होता है।
मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश की प्रगति में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पवित्र सोच व निश्चित लक्ष्य के साथ आगे बढ़ते हुए भारत विश्वगुरू बने बने, इसके लिए हमें हर क्षेत्र में अग्रणी होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, लेकिन यदि कोई भारत को छेड़े, तो हम उसको छोड़ेगे भी नहीं, इस भाव के साथ भारत आगे बढ़ रहा है। मा0 प्रधानमंत्री जी को दुनिया के 35 देशों ने अपना सर्वोच्च सम्मान दिया, दूसरे किसी देश के नेता को इतने देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित नहीं किया होगा। यह हम सभी के लिए बड़े ही गर्व की बात है। मा. प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत आज आर्थिक महाशक्ति के रूप में दुनिया में अपना स्थान बना रहा है। देश ने विज्ञान के क्षेत्र में जो उपलब्धिया अर्जित की है, उससे अन्य देश आश्चर्यचकित है। माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में में 25 हजार से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आयें है।
10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन का निष्पादन किया गया है। पूर्णतः डिजिटल प्रक्रिया योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ऑनलाइन डेटा संग्रह पोर्टल विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीकरण, सत्यापन एवं अनुमोदन की पूरी प्रक्रिया डिजिटल रूप से संपन्न होगी ताकि लाभार्थियों को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो। स्वस्थ शिक्षक, सशक्त परिषदीय विद्यालय शिक्षक सम्मान, विद्यार्थी कल्याण और सर्वस्पर्शी विकास का यही समन्वय विकसित उत्तर प्रदेश की पहचान है।
इस अवसर पर मा0 महापौर श्री उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी एवं मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में केन्द्र व प्रदेश की सरकार सभी वर्गों के प्रति समर्पित होकर कार्य कर रही है। मा0 प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व देश की 25 करोड़ आबादी गरीबी रेखा से ऊपर उठी है। केन्द्र व प्रदेश सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं यथा-आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना, आवास योजना ने गरीबों के जीवन स्तर को ऊपर उठाया है। मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में शिक्षकों के लिए आज कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरूआत हुई है, इससे पूरे प्रदेश के शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा मिलेगी। इस योजना से प्रयागराज के लगभग 25 हजार शिक्षक लाभान्वित हो रहे है। उन्होंने इसके लिए सभी अध्यापकों को शुभकामनाएं दी है। मा0 महापौर ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा के शुभारम्भ के लिए मा0 मुख्यमंत्री जी का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ0 वी0के सिंह ने मा0 मुख्यमंत्री जी के द्वारा वाराणसी से कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारम्भ करने व प्रदेश के शिक्षकों व उनके परिवारों को योजनान्तर्गत लाभान्वित कराये जाने के लिए उनका ह्रदय से अभिनंदन किया। कहा कि 5 लाख की यह कैशलेस चिकित्सा सुविधा अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि आप सब बहुत ही भाग्यशाली है कि यह सुविधा आपके समय में शुरू हुई है। आप लोगो को जब इस योजना के लाभ की लेने की आवश्यकता हो, तो आप इसका लाभ उठाये। उन्होंने सलाह दी कि आप लोग योजनान्तर्गत सम्बद्ध हॉस्पिटलों के बारे में जानकारी रखे तथा सभी सुविधाओं से युक्त एक अच्छे नजदीकी हॉस्पिटल का चयन अवश्य कर लें, जिससे समय पर उपचार करा सके। उन्होंने सभी से अपने स्वास्थ्य प्रति सजग रहने के लिए कहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि आज मा0 मुख्यमंत्री जी के द्वारा इस योजना का शुभारम्भ हुआ है। योजना के अन्तर्गत शिक्षक, शिक्षामित्र, रसोईया, विशेष शिक्षक व कस्तूरबा गांधी विद्यालय के कार्मिकों को कैशलेस चिकित्सीय सुविधा का लाभ मिलेगा। जनपद में कुल 24161 कार्मिक व उनके परिवार के सदस्य बेसिक शिक्षा विभाग से लाभान्वित होंगे। इसी तरह से माध्यमिक शिक्षा विभाग के 4854 कार्मिंक व उनके परिवार के सदस्य योजना से लाभान्वित होंगे। जिलाधिकारी ने सभी लाभार्थी शिक्षकों व उनके परिवारों को योजना से लाभान्वित होने पर बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि डीबीटी के माध्यम से स्कूल चलो अभियान के अन्तर्गत लगभग 3 लाख बच्चों के अभिभावकों के खाते में स्कूल ड्रेस, जूते-मोज, बैग के लिए 1200 रूपये की धनराशि का हस्तांतरण किया है। उन्होंने शिक्षकों सहित योजना से लाभान्वित सभी लोगो को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब आप लोग पूरी तरह से स्वतंत्र होकर बिना किसी चिंता के बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दें पायेंगे।
इस अवसर पर मा0 सांसद फूलपुर श्री प्रवीण पटेल, माननीय विधायक फूलपुर श्री दीपक पटेल, मा0 विधायक फाफामऊ श्री गुरू प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुरेश मौर्या, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष श्री राजेश शुक्ला व अन्य मा0 जनप्रतिनिधिगणों के अलावा मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारीगण व शिक्षकगण उपस्थित रहे।
