प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
मिस आरती (तहसील संवाददाता)
बलिया (यूपी)। मनियर क्षेत्र स्थित प्रज्ञा पब्लिक स्कूल, घाटमपुर की पूर्व छात्राओं ने कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में सफल छात्राओं का विद्यालय के प्रबंधक पराशर मुनिपाल ने माल्यार्पण कर, पेन व डायरी भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।हाल ही में आयोजित कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रवेश परीक्षा में विद्यालय की पूर्व छात्रा प्रज्ञा पाल ने 400 में 212, रितु पांडे ने 195, अर्पिता धुशिया ने 185, सुमित्रा वर्मा ने 244 तथा अनुष्का यादव ने 196 अंक प्राप्त कर सफलता अर्जित की। इन छात्राओं का चयन क्रमशः मुरादाबाद, सहारनपुर, गोरखपुर, मेरठ और बलिया के कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी संस्थानों में प्रवेश के लिए हुआ है।सम्मान समारोह में अनुष्का यादव किसी आवश्यक कार्य के कारण उपस्थित नहीं हो सकीं, इसलिए उनका सम्मान बाद में किए जाने की बात विद्यालय प्रशासन ने कही।इस अवसर पर छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय की मजबूत शैक्षणिक नींव और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना इंजीनियर बनने का है और इस प्रवेश परीक्षा में मिली सफलता उस सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को संदेश दिया कि निरंतर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।विद्यालय के प्रबंधक पराशर मुनि पाल ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय आगे भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।
इस अवसर पर अध्यापिका निकिता सिंह, रंभा, सुनील भारद्वाज, निलेश प्रसाद सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
