मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बाल श्रम उन्मूलन हेतु गठित समिति की बैठक संपन्न
*श्रम प्रवर्तन अधिकारियों के द्वारा निरीक्षण में लापरवाही बरतने पर जताई नाराजगी, एक सप्ताह तक व्यापक स्तर पर निरीक्षण अभियान चलाने तथा कम से कम 3 निरीक्षण प्रतिदिन करने के दिए निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को संगम सभागार में बाल श्रम उन्मूलन हेतु गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स, जिला श्रम बन्धु समिति, जिला स्तरीय बंधुआ श्रम सतर्कता समिति तथा उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UPBOCW) द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सहायक श्रम आयुक्त डॉ. संजय कुमार लाल द्वारा उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) की योजनाओं, बाल श्रम उन्मूलन, बंधुआ श्रम उन्मूलन, लेबर सेस, ई-श्रम, फैमिली आईडी, जीरो पॉवर्टी अभियान, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, राष्ट्रीय पेंशन योजना (ट्रेडर्स) तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र (लेबर अड्डा) योजना सहित विभिन्न श्रम कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बाल श्रम उन्मूलन हेतु श्रम प्रवर्तन अधिकारियों के द्वारा निरीक्षण में लापरवाही बरतने तथा कम संख्या में निरीक्षण किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और एक सप्ताह तक व्यापक स्तर पर निरीक्षण अभियान चलाने तथा प्रत्येक श्रम प्रवर्तन अधिकारी को कम से कम 3 निरीक्षण प्रतिदिन करने के निर्देश दिए हैं| उन्होंने प्रत्येक दिन के निरीक्षण की रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं | उन्होंने लापरवाही बरतने पर वेतन भी रोके जाने की चेतावनी दी है| उन्होंने निरीक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बाल श्रमिकों को सीडब्लूसी में पेश करने के लिए कहा है । उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं द्वारा लेबर सेस की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने तथा BOCW के अंतर्गत अधिकाधिक निर्माण श्रमिकों का पंजीयन एवं उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीसी मनरेगा के साथ समन्वय कर श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए हैं|
बैठक में प्लेटफॉर्म एवं गिग वर्कर्स जैसे Uber, Ola, Swiggy, Zomato, Blinkit एवं अन्य ऑनलाइन सेवा प्रदाता श्रमिकों का विशेष अभियान चलाकर शिविरों के माध्यम से पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी विकास खंडों में चौपाल एवं विशेष कैंप आयोजित कर श्रम विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर श्री सत्यम मिश्रा, श्री भूपेंद्र कुमार सिंह, परियोजना निदेशक श्री गुलाब चंद्र, उपयुक्त श्रम एवं रोजगार, श्री संदीप मिश्रा (क्षेत्राधिकारी), डॉ. विजय कुमार (डिप्टी सीएमओ), डॉ. विजय प्रकाश यादव (डीसी), श्री पंकज मौर्य (सहायक आयुक्त, उद्योग), जनपद प्रयागराज के समस्त श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सुश्री सेताक्षी सिंह (बंधुआ श्रम सतर्कता समिति की सदस्य) सहित महिला कल्याण, समाज कल्याण, पुलिस, पंचायत, स्वास्थ्य विभाग एवं केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
