प्रदीप बच्चन (व्युरो चीफ)
बलिया (यूपी)। मनियर थाना क्षेत्र के बहदुरा गांव में दाढ़ी बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद दो सगे भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद सहित अन्य आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बहदुरा गांव स्थित एक सैलून पर 24 जुलाई 2026 को गांव के उत्तर टोला के कुछ युवक दाढ़ी बनवाने पहुंचे। उस समय सैलून पर पहले से ग्राहक मौजूद थे। नाऊ गुलशन ठाकुर ने युवकों से कहा कि पहले से नंबर में लगे लोगों की दाढ़ी बनाने के बाद ही उनकी बारी आएगी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
आरोप है कि अगले दिन 25 जुलाई को लगभग तीन बजे गांव का बिक्की प्रजापति पुत्र गंगासागर, गुलशन ठाकुर और उनके भाई रोशन ठाकुर को दाढ़ी बनवाने के बहाने दुकान से कुछ दूरी पर स्थित एक बगीचे में ले गया। वहां पहले से विपिन प्रजापति, सोहराब अली, पिंटू राजभर तथा चार-पांच अन्य युवक मौजूद थे।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सभी ने मिलकर दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों, कड़ा और फाइटर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के संबंध में घायल दोनों भाइयों के चाचा गुंजन ठाकुर पुत्र सुनदेव ठाकुर ने मनियर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3) एवं 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
