UPCATET-2026 का परिणाम घोषित,कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सफल अभ्यर्थियों को दीं शुभकामनाएं
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

UPCATET-2026 का परिणाम घोषित,कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सफल अभ्यर्थियों को दीं शुभकामनाएं

 


बांदा कृषि विश्वविद्यालय के कुशल प्रबंधन से समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई परीक्षा, कुलपति को मिली बधाई


लखनऊ: 29 जून, 2026

बांदा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित किए गए UPCATET-2026 का परीक्षा परिणाम आज घोषित कर दिया गया है। यह परिणाम आज प्रदेश के कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही के हाथों उनके विधानसभा स्थित कार्यालय में बांदा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति की उपस्थिति में जारी किया गया। इस अवसर पर उन्होंने परीक्षा में सफल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्जवल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही, उन्होंने पूरी शुचिता और पारदर्शी तरीके से परीक्षा का कुशल संचालन करने तथा समयबद्ध ढंग से परीक्षा परिणाम जारी करने के लिए बांदा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति श्री एसवीएस राजू और उनकी पूरी टीम को विशेष रूप से बधाई दी।

इस वर्ष UPCATET-2026 का आयोजन बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बाँदा द्वारा सकुशल सम्पन्न कराया गया। इस बार प्रवेश परीक्षा प्रदेश के कुल 12 जनपदों में आगामी 17 एवं 18 जून को आयोजित की गयी थी। इसमें 17 जून को आयोजित हुई स्नातक (यूजी) प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 27 केंद्र तथा 18 जून को आयोजित हुई परास्नातक (पीजी), पीएचडी एवं एमबीए की प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 18 केंद्र बनाए गए थे।

इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा के सांख्यिकीय आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 18,827 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 90 प्रतिशत यानी कुल 16,349 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। इस उपस्थित संख्या में से कुल 14,802 अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक परीक्षा क्वालीफाई की है। सफल होने वाले कुल अभ्यर्थियों में 73 प्रतिशत पुरुष अभ्यर्थी तथा 27 प्रतिशत महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।

विभिन्न स्तरों पर शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों का विवरण देते हुए बताया गया कि स्नातक (यूजी) स्तर पर कंकरखेड़ा, मेरठ की काव्य मसीह ने प्रथम स्थान हासिल किया है, जबकि कन्नौज की प्राची द्विवेदी ने द्वितीय और रामपुर के मोहम्मद कैफ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। परास्नातक (पीजी) स्तर पर बलिया के शिवम यादव ने प्रथम स्थान और उन्नाव की आस्था यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त, पीएचडी स्तर पर मऊ के अमन सिंह ने प्रथम स्थान तथा मथुरा के अभिषेक गौतम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय और अपने जिले का मान बढ़ाया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies