कोल्हुई/महराजगंज। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल द्वारा कोल्हुई क्षेत्र के व्यापारियों एवं आमजनमानस की समस्याओं को लेकर किए जा रहे लगातार प्रयासों का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। बीते मंगलवार को उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी महाराजगंज को सौंपे गए मांग पत्र के क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर विकासखंड बृजमनगंज के अवर अभियंता ने मंगलवार को कोल्हुई पहुंचकर विभिन्न प्रस्तावित विकास कार्यों का पुनः सर्वे किया।
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल द्वारा पूर्व में जिलाधिकारी महाराजगंज को ज्ञापन सौंपकर कोल्हुई क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण, पशु चिकित्सालय के समीप लगभग 90 मीटर आरसीसी सड़क निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्थापना तथा राजकीय पशु चिकित्सालय भवन के नवीनीकरण/नवीन निर्माण सहित कई जनहितकारी मांगें उठाई गई थीं। इन मांगों को पुनः बीते मंगलवार को उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रमुखता से रखा गया था।
मांग पत्र में बताया गया था कि कोल्हुई बाजार में सार्वजनिक शौचालय के अभाव में व्यापारियों, ग्राहकों एवं राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं पशु चिकित्सालय के समीप स्थित जर्जर मार्ग के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की भी मांग की गई थी।
जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल के अनुरोध पर पूर्व में सार्वजनिक शौचालय निर्माण हेतु पशु चिकित्सालय परिसर में भूमि का चिन्हांकन कराया जा चुका है तथा राजकीय पशु चिकित्सालय भवन के नवीनीकरण के संबंध में विभागीय अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया गया था। साथ ही, पूर्व जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सार्वजनिक शौचालय, पशु चिकित्सालय एवं लगभग 90 मीटर आरसीसी सड़क निर्माण के प्रस्ताव को विकासखंड बृजमनगंज की कार्ययोजना में भी शामिल किया जा चुका है।
इसी क्रम में आज सोमवार को विकासखंड बृजमनगंज से पहुंचे अवर अभियंता कमलेश कुमार ने कोल्हुई पशु चिकित्सालय परिसर में प्रस्तावित सार्वजनिक शौचालय स्थल तथा मोहम्मद नईम के मकान से मिथलेश कुमार बरनवाल के खेत तक प्रस्तावित लगभग 90 मीटर आरसीसी सड़क निर्माण कार्य का पुनः सर्वे किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष नदीम अहमद अब्बासी, कोल्हुई उद्योग व्यापार मंडल के सलाहकार लालजी वर्मा, अमित ओझा, सुनील मद्धेशिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने कहा कि कोल्हुई क्षेत्र के विकास, व्यापारियों की सुविधाओं तथा आमजनमानस की समस्याओं के समाधान के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशासन द्वारा शीघ्र ही इन जनहितकारी परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
