नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव सहकारिता ने जनपद में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के सम्बंध में बैठक की
प्रमुख सचिव ने कार्यक्रम को सकुशल, सुरक्षित एवं भव्यता के साथ सम्पन्न कराये जाने के दिए निर्देश
मुख्य कार्यक्रम का आयोजन संगम नोज पर प्रातः 06ः00 बजे से, 8000 से अधिक लोग एक साथ करेंगे योगाभ्यास
’‘स्वस्थ्य आयु के लिए करें योग’ थीम पर कल पूरे जनपद में होगा योगाभ्यास
योग दिवस के अवसर पर तहसीलों, ब्लाकों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों, पर्यटन स्थलों सहित अन्य स्थलों पर किया जायेगा योगाभ्यास
प्रयागराज 20 जून 2026।
प्रमुख सचिव सहकारिता/नोडल अधिकारी श्री अजय कुमार शुक्ला ने शनिवार को संगम सभागार में 21 जून को 12वंे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु की गयी तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने जनपद में आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम को सकुशलढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु की गयी तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव ने कहा कि योगाभ्यास कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को जो जिम्मेदारी दी गयी है, उसका अनुपालन करते हुए योगाभ्यास कार्यक्रम को सकुशलढंग से सम्पन्न कराये। प्रमुख सचिव ने अधिक से अधिक लोगो को योग कार्यक्रम से जोड़ने और योगाभ्यास करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास करने वाले लोग अपनी क्षमता के अनुसार ही योग करें। कहा कि संगम नोज पर जल पुलिस की भी व्यस्था रहे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल के पास पार्किंग की समुचित व्यवस्था रहे, जिससे कि जाम की स्थिति न होने पाये। वहां पर एम्बुलेंस, ओआरएस घोल सहित मेडिकल स्टाफ की भी व्यवस्था रखने के लिए कहा है। उन्होंने वहां पर पीने के पानी एवं मोबाइल टॉयलेट की भी व्यवस्था रखने के लिए कहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे जनपद में योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन जनपद स्तर पर 21 जून को प्रातः 6ः00 बजे से संगम नोज पर किया जायेगा। इस आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि योग का यह कार्यक्रम कल 21 जून को तहसील, ब्लॉक, नगर निकाय, पर्यटन स्थल, आशा-आंगनबाड़ी केन्द्र, प्राइवेट संस्थानों एवं ग्राम पंचायत स्तरों पर भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें मा0 जनप्रतिनिधिगणों के अलावा काफी संख्या में लोग उपस्थित होकर योग कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी श्री अरिवंद कुमार यादव, अपर जिलाधिकारी नजूल श्री संजय पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी श्री जी0पी0 कुशवाहा, परियोजना निदेशक श्री भूपेन्द्र सिंह सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

