प्रयागराज: छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश तथा प्रयागराज मण्डल का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों ने आज मंडलायुक्त एवं बोट क्लब समिति की अध्यक्षा श्रीमती सौम्या अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों एवं अनुभवों को साझा किया तथा खेल गतिविधियों के विकास से संबंधित विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि प्रयागराज के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल जनपद एवं मण्डल, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके खेल कौशल के विकास तथा आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता हेतु हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि 36वीं नेशनल सब-जूनियर/जूनियर कयाकिंग एवं कैनोइंग चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश ने 4 रजत एवं 2 कांस्य पदक प्राप्त किए, जिनमें प्रयागराज के खिलाड़ियों का योगदान 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक रहा। वहीं 9 एवं 10 जून, 2026 को आयोजित अस्मिता जोनल नेशनल (नॉर्थ जोन) महिला चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की बालिकाओं ने 3 स्वर्ण, 11 रजत एवं 5 कांस्य पदक अर्जित किए, जिनमें प्रयागराज की खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण, 9 रजत एवं 5 कांस्य पदक जीतकर उल्लेखनीय योगदान दिया।
मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने जनपद में कयाकिंग एवं कैनोइंग खेलों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार हेतु अर्गोमीटर, नैरो बोट एवं अन्य आवश्यक नौकाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया। साथ ही बोट क्लब परिसर में जिम, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की आवश्यकता भी बताई। खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार किए जाने तथा बाढ़ अवधि से पूर्व राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का सुझाव भी दिया।
मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों की मांगों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आश्वस्त किया कि खेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा खिलाड़ियों के हित में आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन सदैव प्रतिबद्ध है।
मंडलायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रयागराज के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद, मण्डल एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

