गोंडा में मुस्लिम से हिंदू बनकर पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने वाले
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

गोंडा में मुस्लिम से हिंदू बनकर पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने वाले

 


गोंडा में मुस्लिम से हिंदू बनकर पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने वाले मास्टरमाइंड शफीक उर्फ पंडित रामस्वरूप शर्मा उर्फ बड़े पुजारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। नगर कोतवाली और मनकापुर कोतवाली पुलिस आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), बैंक खातों और संपर्कों की गहन जांच कर रही है। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।


पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी और उसके साथियों ने जिले में कितने लोगों को तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठानों के नाम पर अपना शिकार बनाया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी शफीक के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस गिरोह की गतिविधियों और नेटवर्क को खंगाल रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर कई और खुलासे हो सकते हैं।


फर्जी आधार कार्ड के नेटवर्क की भी पड़ताल


पुलिस उन फर्जी आधार कार्डों की भी जांच कर रही है, जिनके जरिए आरोपी ने हिंदू पहचान बनाकर गतिविधियां संचालित कीं। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि ये दस्तावेज कहां और कैसे तैयार किए गए तथा इन्हें बनवाने में किन लोगों की भूमिका रही। फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले लोग भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं और जल्द ही इस मामले में और कार्रवाई हो सकती है।


'शिव शक्ति ज्योति एवं आध्यात्मिक अनुसंधान' के नाम से चलाता था कार्यालय


पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी 'शिव शक्ति ज्योति एवं आध्यात्मिक अनुसंधान' के नाम से कार्यालय संचालित करता था। एक स्थान पर गतिविधियां उजागर होने या मामला ठंडा पड़ने के बाद गिरोह दूसरे इलाके में नया कार्यालय खोलकर लोगों को निशाना बनाता था।


पूजा के डिब्बे में सांप दिखाकर करता था ठगी


जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लोगों को विशेष पूजा और अनुष्ठान के नाम पर अपने झांसे में लेता था। वह पूजा के डिब्बे में सांप दिखाकर लोगों के मन में डर पैदा करता था और अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूल लेता था। रुपये लेने के बाद आरोपी लोगों को डिब्बा न खोलने की हिदायत देकर फरार हो जाता था। बाद में जब लोग डिब्बा खोलते थे तो उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास होता था।


पुलिस बोली- पूरे नेटवर्क की होगी जांच


मनकापुर कोतवाल गौरव सिंह तोमर ने बताया कि आरोपी की पूरी गतिविधियों और नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी और उसके साथी मुस्लिम से हिंदू बनकर किस उद्देश्य से काम कर रहे थे तथा गोंडा समेत अन्य जिलों में उन्होंने कहां-कहां इसी तरीके से लोगों को ठगा है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies