प्रयागराज 17 जून।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता व प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री ऋषिराज, नगर आयुक्त श्री सीलम सांई तेजा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह तथा नेशनल हाईस्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमेटेड के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में दिल्ली-वाराणसी वाया प्रयागराज हाईस्पीड रेल के एलाइनमेंट निर्धारण के सम्बंध में बुधवार को एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गयी तथा हाईस्पीड रेल के एलाइनमेंट निर्धारण के सम्बंध में विस्तार से चर्चा की गयी। बैठक में कॉर्पोरेशन लिमेटेड के प्रतिनिधियों के द्वारा दिल्ली-वाराणसी वाया प्रयागराज हाईस्पीड रेल परियोजना के सम्बंध में प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गयी। बैठक में जनपद प्रयागराज में हाईस्पीड रेल के एलाइनमेंट निर्धारण के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गयी। बैठक में हाईस्पीड रेल के प्रतिनिधियों के द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से हाईस्पीड रेल के जनपद प्रयागराज में शहर की भौगोलिक स्थिति, मेट्रो रोड, एयरपोर्ट कनेक्टिीविटी, उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए हाईस्पीड रेलवे हेतु स्टेशन के स्थान व रूट हेतु चार ऑप्शन दिखाए गए है, जिनमें रेलवे स्टेशन हेतु नीमी खुर्द, शांतिपुरम, प्रयाग स्टेशन, परेड ग्राउंड या एयरपोर्ट क्षेत्र में है। इनमें से किस स्थान पर हाईस्पीड रेलवे स्टेशन बनाया जाये, जिससे लोगो को शहर से बेहतर कनेक्टिीविटी भी मिल सके तथा महाकुम्भ व माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को हाईस्पीड रेलवे का लाभ मिल सके, के बारे में विस्तार से चर्चा की गयी।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों व अन्य सम्बंधित अधिकारियों को जनपद प्रयागराज का अद्यतन डेवलपमेंट प्लान, इनर रिंग रोड़, आउटर रिंग रोड़, सेतु निगम, एनएच, रेलवे व विद्यमान इंफ्रास्ट्रक्चर की डिटेल रिपोर्ट की स्टडी कर स्टेशन व रूट हेतु एलाइनमेंट की रूपरेखा को अन्तिम रूप से निर्धारित किए जाने के लिए कहा है। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के विकास, बेहतर परिवहन सुविधा एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा श्रद्धालुओं को आने-जाने में बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी श्री अरविंद यादव, अपर जिलाधिकारी नगर श्री सत्मय मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती विनीता सिंह, अपर जिलाधिकारी नजूल श्री संजय पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती उपमा पाण्डेय सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
