प्रयागराज 31 मई 2026
दिनांक 31 मई "विश्व तम्बाकू रहित दिवस" के अवसर पर क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी कार्यालय, प्रयागराज क्षेत्र, प्रयागराज द्वारा सिविल डिफेन्स एवं लायन्स क्लब के संयुक्त तत्वाधान में राजकीय उद्यान शहीद चन्द्रशेखर आज़ाद पार्क, प्रयागराज में एक भव्य जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य को तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति श्री सत्यवीर सिंह, न्यायाधीश, इलाहाबाद उच्च न्यायालय रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री नीरज मिश्रा, उपनियंत्रक सिविल डिफेन्स, प्रयागराज, श्री राजीव तिवारी, सहायक उपनियंत्रक सिविल डिफेन्स, प्रयागराज तथा लायन्स क्लब के लायन अर्पणधर दुबे, मंडलाध्यक्ष ,
लायन उदय चंदानी,उपमंडलाध्यक्ष प्रथम
लायन उमेश चंद्र कक्कड़, उपमंडलाध्यक्ष द्वितीय
लायन शीतला प्रसाद श्रीवास्तव,प्रोटोकॉल अधिकारी ,सदस्य नशा मुक्त भारत अभियान
श्री पवन पाण्डेय यातायात निरीक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन सुश्री चारूल मिश्रा, क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी, प्रयागराज क्षेत्र द्वारा किया गया।
माननीय न्यायमूर्ति श्री सत्यवीर सिंह द्वारा हरी झण्डी दिखाकर जनजागरूकता रैली को रवाना किया गया। इस अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति श्री सत्यवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि तम्बाकू एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल एक सरकारी अभियान या औपचारिक संकल्प तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के चरित्र एवं जीवनशैली में उतारना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब तक नशामुक्ति के मूल्य हमारे आचरण और व्यवहार का हिस्सा नहीं बनेंगे, तब तक एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज की स्थापना संभव नहीं है। उन्होंने सभी नागरिकों से तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के उन्मूलन हेतु सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज में व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
माननीय न्यायमूर्ति महोदय ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को "नशामुक्त भारत" के निर्माण हेतु संकल्प भी दिलाया। उपस्थित जनसमूह ने तम्बाकू एवं नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ग्रहण की।
उपनियंत्रक सिविल डिफेन्स श्री नीरज मिश्रा एवं सहायक उपनियंत्रक श्री राजीव तिवारी ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही नशामुक्त समाज का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। सुश्री चारुल मिश्रा क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी प्रयागराज क्षेत्र प्रयागराज ने भी तम्बाकू एवं नशे के विरुद्ध निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में सिविल डिफेन्स के स्वयंसेवकों, लायन्स क्लब के सदस्यों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के दौरान नशामुक्ति एवं तम्बाकू निषेध से संबंधित नारों एवं संदेशों के माध्यम से जनसामान्य को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का समापन नशामुक्त एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

