प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी) मनियर थाना क्षेत्र के पुरूषोत्तम पट्टी गांव के सरेह (खेतों)में शुक्रवार सुबह ज्वार के खेत में तेंदुए के दिखने से इलाके में भारी सनसनी और भय का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार खेत में छिपे तेंदुए ने अब तक दो ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। ग्रामीणों ने तेंदुए को घेर कर खेत से निकाले जाने की जद्दोजहद शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुए का वजन लगभग डेढ़ कुंतल के आसपास है।
प्रारम्भिक विवरण के अनुसार गांव निवासी विजय राजभर (60) शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे ज्वार काटने खेत गए थे। जब वे उस हिस्से के पास पहुँचे जहाँ तेंदुए ने छिपकर था, तब अचानक उन पर हमला कर दिया और विजय घायल हो गए। घायल को किसी ने की चिकित्सक के यहां इलाज कराया गया। इसके बाद कुछ लोगों के साथ राज यादव 21 वर्ष पुत्र संतोष यादव भी तेंदुए को देखने के लिए ज्वार के खेत के पास पहुंचा तो तेंदुए ने राज के ऊपर भी हमला कर दिया। जिसका इलाज सिकंदरपुर सीएचसी पर हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग सक्रिय हो गया। मौके पर कुछ ही देर में एसडीएम सिकन्दरपुर, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र, थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी, नायब तहसीलदार संजय यादव और वन विभाग की टीम पहुँच गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से विस्तृत पूछताछ कर तेंदुआ पकड़ने तथा क्षेत्र को सुरक्षित करने के उपाय शुरू कर दिए हैं। वन विभाग की टीम ने आसपास के खेतों और रास्तों पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी है और लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की है।
स्थानीय प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने आसपास के इलाकों में वाहन और लोगों की आवाजाही नियंत्रित कर दी है ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
ग्रामीणों में अभी भी डर का माहौल है; कई लोग अपने खेत काटने और बच्चों को बाहर खेलने से रोक रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हरसंभव सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं और तेंदुआ पकड़ने के साथ-साथ घायलों का इलाज प्राथमिकता पर है।
