राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय: डिजिटल साक्षरता अभियान विद्यार्थियों के लिए वरदान - प्रोफेसर सत्यकाम
बांस नगरी में कंप्यूटर संस्थान से हाथ मिलाकर तकनीकी शिक्षा सुलभ कराएगा मुक्त विश्वविद्यालय
प्रयागराज 23/05/2026: उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के क्षेत्रीय केन्द्र, बरेली एवं विंटेक कंप्यूटर एजुकेशनल, बरेली के मध्य शनिवार को हुए समझौता ज्ञापन के उपरांत आयोजित उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि आज का युग डिजिटल क्रांति का युग है। केवल पारंपरिक शिक्षा से युवाओं को आत्मनिर्भर नहीं बनाया जा सकता। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय का हमेशा से यह प्रयास रहा है कि हम शिक्षा को हर घर तक पहुंचाएं। विंटेक कंप्यूटर एजुकेशनल के साथ हुआ यह समझौता इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। इसके माध्यम से बरेली और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को उच्च स्तरीय तकनीकी और कंप्यूटर शिक्षा सुलभ होगी, जो उन्हें सीधे रोजगार से जोड़ेगी। कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय का मूल उद्देश्य समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है जो किसी कारणवश नियमित विश्वविद्यालय नहीं जा पाता। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारा लक्ष्य सिर्फ डिग्री बांटना नहीं, बल्कि युवाओं के हाथों में हुनर देना है। यह डिजिटल साक्षरता अभियान बरेली के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए एक वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में शिक्षाविदों और जागरूक नागरिकों की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने आह्वान किया कि वे विश्वविद्यालय की इन जनकल्याणकारी और रोजगारपरक योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अपना सहयोग दें। प्रोफेसर सत्यकाम ने बताया कि यह समझौता राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संकल्पों को पूरा करता है, जहाँ कौशल विकास और व्यावहारिक ज्ञान को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने विंटेक संस्थान को भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव शैक्षणिक सहायता और संसाधन उपलब्ध कराता रहेगा।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चंद मिश्र ने बताया कि प्रारंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । क्षेत्रीय केंद्र बरेली के समन्वक डॉ सत्येंद्र बाबू ने अतिथियों का स्वागत किया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कंप्यूटर साक्षरता आज के समय के लिए अत्यंत अनिवार्य है। विंटेक कंप्यूटर के निदेशक मनीष कुमार विश्वकर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रस्तुतीकरण किया गया।
डॉ प्रभात चंद्र मिश्र
जनसंपर्क अधिकारी
