प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (सरायइनायत) में मंगलवार को आयोजित SSC-GD भर्ती परीक्षा के दौरान तकनीकी खामी के चलते भारी हंगामा हो गया। परीक्षा शुरू होते ही कंप्यूटर का सर्वर फेल होने से नाराज परीक्षार्थियों ने केंद्र के भीतर जमकर बवाल काटा। आक्रोशित छात्रों ने परीक्षा कक्षों में रखे कंप्यूटर और कुर्सियों को तोड़ डाला और संस्थान के बाहर निकलकर प्रयागराज-वाराणसी हाईवे को जाम कर दिया। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने आज की परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है।
परीक्षा शुरू होते ही बैठ गया सर्वर
यह पूरा मामला सरायइनायत थाना क्षेत्र के अंदावा स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महाविद्यालय का है। यहाँ मंगलवार को तीन शिफ्टों (सुबह 10:00 से 11:00, दोपहर 1:00 से 2:00 और शाम 4:30 से 5:30 बजे) में SSC-GD की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा आयोजित की जानी थी।
पहली शिफ्ट में कुल 600 परीक्षार्थियों में से 450 छात्र उपस्थित हुए थे। जैसे ही सुबह 10 बजे परीक्षा की शुरुआत हुई, तकनीकी खराबी के कारण कंप्यूटर का सर्वर पूरी तरह डाउन हो गया। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब समस्या ठीक नहीं हुई, तो छात्रों का धैर्य जवाब दे गया और वे केंद्र पर ही नारेबाजी करने लगे।
क्लासरूम में तोड़फोड़ के बाद चक्काजाम
गुस्साए छात्रों ने कॉलेज के कमरों में घुसकर वहां लगे कंप्यूटर सिस्टम, मॉनिटर और फर्नीचर को निशाना बनाया। बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ करने के बाद सैकड़ों की संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और प्रयागराज-वाराणसी हाईवे को पूरी तरह ठप कर दिया। हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ करीब आधे घंटे में छात्रों को समझा-बुझाकर हाईवे से हटाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
परीक्षा रद्द, उपद्रवियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
सरायइनायत के थाना प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि कॉलेज के कई कंप्यूटर और क्लासरूम के फर्नीचर को नुकसान पहुँचाया गया है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है; सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से तोड़फोड़ करने वाले उपद्रवी छात्रों की पहचान की जा रही है, जिनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, तकनीकी टीम को बुलाकर सर्वर की खराबी की जांच कराई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आज रद्द हुई परीक्षा को दोबारा कराने के लिए नया शेड्यूल (Re-schedule) जल्द ही जारी किया जाएगा।


