मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं निवेश संवर्धन पर जोर
मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में गांधी सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने, निवेश वातावरण को सुदृढ़ बनाने तथा उद्यमियों की समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
निवेश मित्र पोर्टल पर यूपीसीडा के एक प्रकरण के निर्धारित समयसीमा के बाद भी लंबित पाए जाने तथा नैनी औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्य की प्रगति संतोषजनक न होने एवं संबंधित अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित रहने पर मंडलायुक्त ने प्रबंध निदेशक, यूपीसीडा को पत्र प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निवेश प्रक्रिया का सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध होना अत्यंत आवश्यक है तथा निवेशकों का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला उद्योग बंधु की बैठकों का नियमित आयोजन करते हुए समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
रोजगारोन्मुखी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें, जिससे युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी संचालन हेतु संबंधित विभागों को सक्रिय एवं समन्वित भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
ऋण आधारित योजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। बैठक में उपस्थित जिला अग्रणी , बैंक प्रबंधकों एवं शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से सहयोग प्रदान किया जाए। सहयोग में लापरवाही बरतने वाली बैंक शाखाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में मोनार्को इंडस्ट्रियल स्टेट, तेलियरगंज, प्रयागराज के उद्यमियों द्वारा एमएनएनआईटी प्रबंधन से संबंधित शेड खाली कराने की समस्या उठाई गई। इस पर मंडलायुक्त ने संयुक्त आयुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि विषय से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर उनके समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि उसे अग्रेतर कार्रवाई हेतु आयुक्त एवं निदेशक उद्योग को प्रेषित किया जाए। कार्यक्रम का संचालन श्री अजय कुमार चौरसिया द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उद्योग समिति के सदस्य श्री मुरारी लाल अग्रवाल, श्री नटवर लाल, श्री संतोष कुमार त्रिपाठी सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगणों के अलावा उद्यमीगण उपस्थित रहे।

