शाहाबाद बृजमनगंज गैस एजेंसी पर पुनः कई उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा
डीएसओ समेत डीएम-एडीएम-एसडीएम को भेजा शिकायती पत्र, कार्रवाई की मांग तेज।
महाराजगंज जनपद में आदर्श इंडेन ग्रामीण वितरक, शाहाबाद बृजमनगंज गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले से चल रही शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर अब पुनः कुछ और उपभोक्ताओं ने एक बार फिर सामूहिक रूप से जिला पूर्ति अधिकारी महाराजगंज को शिकायत पत्र भेजकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है
इस बार शिवाकांत राय, रमेश जायसवाल सहित कई उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप दोहराते हुए कहा है कि केवाईसी, मोबाइल नंबर लिंकिंग, पासबुक डिएक्टिवेशन जैसे जरूरी कार्यों के लिए उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन एजेंसी की ओर से कोई संतोषजनक समाधान नहीं दिया जा रहा है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पर अक्सर ताला बंद रहता है और उपभोक्ताओं को घंटों धूप में खड़ा रहना पड़ता है। कई बार निर्धारित समय तक भी कोई कर्मचारी मौजूद नहीं रहता। वहीं, एजेंसी कर्मियों पर सही जानकारी देने के बजाय टालमटोल करने का भी आरोप लगाया गया है।
सबसे गंभीर आरोप फर्जी डिलीवरी को लेकर सामने आया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके नाम पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी दर्ज कर दी जाती है, जबकि वास्तव में उन्हें सिलेंडर प्राप्त नहीं होता। इसके चलते उन्हें कई बार एजेंसी के चक्कर काटने पड़ते हैं और परेशानी झेलनी पड़ती है।
समस्या के समाधान न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने इस बार अपनी शिकायत की प्रतिलिपि जिलाधिकारी महाराजगंज, अपर जिलाधिकारी महाराजगंज तथा उप जिलाधिकारी फरेंदा को भी प्रेषित की है, ताकि मामले का उच्च स्तर पर संज्ञान लिया जा सके।
उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि एजेंसी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, लंबित कार्यों को तत्काल पूरा कर उपभोक्ताओं को राहत दिलाई जाए और फर्जी डिलीवरी जैसे गंभीर मामलों की गहन जांच कर न्याय सुनिश्चित किया जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस बार उपभोक्ताओं की दोबारा उठी आवाज पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और आम जनता को राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
