जिलाधिकारी ने हीटवेव (लू) एवं पेयजल के सम्बंध में स्टीयरिंग ग्रुप, स्टेक होल्डर के साथ की बैठक
हीटवेव से बचाव हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित कराये जाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने तालाबों, पोखरों को भराये जाने तथा पानी की टंकियों एवं हैण्ड पम्पों को क्रियाशील रखने के दिए निर्देश
गर्मी के मौसम के दृष्टिगत सभी गौशालाओं में शेड की व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने एवं पशुओं की बीमारी एवं उनकी रोकथाम हेतु सभी आवश्यक उपाय करने के दिए निर्देश
विद्युत विभाग के अधिकारियों को जर्जर एवं ढीले तारों को व्यवस्थित किए जाने तथा शार्ट सर्किट से बचाव के उपाय करने के दिए निर्देश
प्रयागराज 13 अप्रैल
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती विनीता सिंह की उपस्थिति में सोमवार को संगम सभागार में हीटवेव (लू) एवं पेयजल के सम्बंध में स्टीयरिंग ग्रुप, स्टेक होल्डर की बैठक आयोजित की गई तथा बैठक में हीटवेव से बचाव हेतु सभी सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। उन्होंने सभी सम्बंधित अधिकारियों को गर्मी के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय से सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों, पोखरों को भराये जाने के निर्देश दिए है, जिससे पशु-पक्षी-जानवरों को पेयजल तथा अग्निकांड की स्थिति में पानी की उपलब्धता हो सके। सभी पानी की टंकियों एवं हैण्ड पम्पों को क्रियाशील रखने तथा आवश्यकता के अनुसार मरम्मत व रिबोर कराये जाने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने यमुनापार के जिन क्षेत्रों में टैंकर से पानी की सप्लाई प्रतिवर्ष होती है, वहां पर अभी से टैंकरों की व्यवस्था किए जाने व उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने अग्निशमन विभाग को एलर्ट मोड रहने तथा ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में अग्निकांड की दुर्घटनाओं को रोकने हेतु आवश्यक उपाय के निर्देश दिए है। उन्होंने गेहूं खरीद केन्द्रों पर पेयजल तथा छाया की व्यवस्था कराये जाने के निर्देश दिए है। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय में आने वाले आगंतुकों के लिए पेयजल, छाया व बैठने की समुचित व्यवस्था करने के लिए कहा है। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित रूप से सैम्पलिंग करने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी ने गर्मी के मौसम के दृष्टिगत सभी गौशालाओं में हरा चारा, पेयजल, टीकाकरण, शेड की व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने एवं पशुओं की बीमारी एवं उनकी रोकथाम हेतु सभी आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए है। उन्होंने सिचांई विभाग के अधिशासी अभियंता को मई के प्रथम सप्ताह में सभी तालाबों एवं पोखरों को भराये जाने तथा इसकी सूचना उपलब्ध कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने पशु-पक्षी-जानवर व फायर सेफ्टी के दृष्टिगत उपजिलाधिकारी व खण्ड विकास अधिकारी को सभी तालाबों में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने जिन तालाबों में सिल्ट की जमावट होने से तालाब उथले हो गये है, उनकी मानक के अनुरूप खुदाई कराये जाने के लिए कहा है।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्म ऋतु में तेज हवाओं के कारण अग्निकांड, विद्युत शार्ट सर्किट एवं हाइटेंशन तार टूटने से फसलों, खेत-खलिहानों, होने वाले नुकसान से बचाये जाने हेतु फसलों के मध्य से गुजरने वाली लाइनों की तारों की जांच कर जर्जर एवं ढीले तारों को व्यवस्थित किए जाने तथा शार्ट सर्किट से बचाव के उपाय करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने गर्मी के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुचारू बनाये रखने तथा खराब होने वाले ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में बदले जाने तथा झूलते व जर्जर तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने जल निगम को शहरी क्षेत्र के सभी वाटर पम्पों को क्रियाशील रखने तथा पम्पों में कपलिंग अवश्य लगा हो, सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को क्लोरिन टेबलेट, गर्मी से उत्पन्न बीमारियों की रक्षा हेतु आवश्यक दवाओं एवं ओआरएस की पर्याप्त उपलब्धता तथा कीट नाशक दवाओं, ब्लीचिंग पाउडर एवं चुने का छिड़काव कराये जाने की व्यवस्था समय से करने के निर्देश दिए है। उन्होंने नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति हेतु जर्जर व टुटी पाइप लाइनों की मरम्मत, हैण्डपम्पों एवं नलकूपों की मरम्मत व रिबोर का कार्य कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति से खाद्यान व अन्य आवश्यक सामग्री की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनाये रखने के निर्देश दिए है। उन्होंने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रोें में स्थापित हॉस्टिपल, नर्सिंग होम, होटल, गेस्ट हाउस, माल, बहुमंजिला भवन, कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी ऑडिट एवं विद्युत ऑडिट कराये जाने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारीने हीट वेव से बचाव हेतु कूल रूम का संचालन, प्याऊ एवं पानी के छिड़काव की व्यवस्था करने के लिए कहा है। उन्होंने सभी रैन बसेरों में पंखा, लाइट, विद्युत आपूर्ति, पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाये सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

