दिवस-बारा: जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयी शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के दिए निर्देश
समाधान दिवस में कुल 300 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 8 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण
जिलाधिकारी ने पोषण अभियान के अन्तर्गत 2 महिलाओं की गोदभराई एवं 2 बच्चों का कराया अन्नप्राशन
प्रयागराज 18 अप्रैल: जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील बारा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के लिए निर्देशित किया है। इस अवसर पर तहसील परिसर में विभिन्न विभागों के द्वारा योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में लगाये गये स्टॉलों का अवलोकन करते हुए जानकारी प्राप्त की एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए पात्र लोगो को योजनाओं से लाभान्वित कराये जाने हेतु निर्देशित किया है।
जिलाधिकारी ने तहसील में पोषण अभियान के अन्तर्गत 2 महिलाओं की गोदभराई एवं 2 बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया तथा पोषण पखवाड़ा रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं को सुनते हुए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरण की जमीनी स्तर पर जांच कर शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने एवं प्रार्थनापत्रों की समयबद्ध जांच, कार्रवाई एवं समस्याओं के निस्तारण में विलम्ब होने पर सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में उपस्थित राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों को जनशिकायतों को गुणवत्ता के साथ शीघ्रता से निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन-शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं में से एक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिकायतकर्ता का फीडबैक लेने और शिकायतों के निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट भी कराये जाने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयें हुए वरासत, अवैध कब्जा व अन्य विषयों से सम्बंधित शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण किए जाने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने प्रार्थनापत्रों की अलग-अलग सूची बनाकर सम्बंधित को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।
समाधान दिवस में श्री रंगदेव पुत्र विश्राम निवासी ग्राम जिल्ला उमापुर बारा के द्वारा विपक्षी रामसुमेर के द्वारा उनके मिट्टी से बने मकान को गिराकर कब्जा किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम बारा को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए एक सप्ताह में आख्या उपलब्ध कराये जाने के लिए कहा है। बब्बू प्रसाद तिवारी निवासी ग्राम हरखोरिया कलां के द्वारा मौजा हरखोरिया की आराजी संख्या 48 शमसान की भूमि पर अवैध पट्टा एवं कब्जा के सम्बंध में शिकायत पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार बारा को जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने तथा आख्या उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए है। प्रेमचन्द्र निवासी ग्राम सेमरा कल्बना तहसील बारा के द्वारा उनकी भूमिधरी जमीन पर दबंगो के द्वारा कब्जा करने की शिकायत करते हुए कब्जा दिलाये जाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसपर जिलाधिकारी ने डीसीपी यमुनानगर को उक्त प्रकरण की जांच करते हुए विधिक कार्यवाही किए जाने के लिए कहा है। प्रार्थी सतीश कुमार (दिव्यांग) निवासी ग्राम पूरेबन्दु विकास खण्ड शंकरगढ़ तहसील बारा के द्वारा अपने जीवन यापन के लिए जिलाधिकारी महोदय से अंत्योदय कार्ड बनवाये जाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, जिसपर जिलाधिकारी ने जिलापूर्ति अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर कार्ड जारी कराये जाने के लिए निर्देशित किया है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील बारा में कुल 300 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बंधित विभागांें के अधिकारियों को शिकायतों को आज ही प्राप्त करते हुए उनको निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा है कि शिकायतों का निस्तारण अनिवार्य रूप से निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत हो जाना चाहिए।
इस अवसर पर एडीएम आपूर्ति श्री विजय शर्मा, उपजिलाधिकारी बारा प्रेरणा गौतम, परियोजना निदेशक श्री भूपेन्द्र सिंह, तहसीलदार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
