प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी) सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थान गंगोत्री देवी इंटर कॉलेज में मंगलवार को शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में आसपास के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की शिक्षा, मानसिक एवं शारीरिक विकास, व्यवहारिक सुधार तथा अन्य शैक्षणिक पहलुओं पर अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना रहा। गोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई की प्रगति, उनकी कमजोरियों और सुधार के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों ने भी अपने सुझाव साझा किए, जिससे शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। इस अवसर पर कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए तथा सभी छात्रों को प्रगति पत्र वितरित किया गया। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को विद्यालय परिवार की ओर से मेडल देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों की सफलता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी इसी प्रकार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी। अभिभावकों ने भी विद्यालय द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गोष्ठियां बच्चों के समग्र विकास में सहायक होती हैं और इससे अभिभावक व शिक्षक के बीच तालमेल बेहतर होता है।विद्यालय के प्रबंधक डॉ. नरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि गंगोत्री देवी इंटर कॉलेज ऐसे आयोजनों के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक-अभिभावक संवाद से बच्चों की समस्याओं का समय रहते समाधान संभव हो पाता है, जिससे वे पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।गोष्ठी के दौरान शिक्षा सत्र 2026-27 के नए नामांकन को लेकर भी अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ विद्यालय पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी ली और कई अभिभावकों ने मौके पर ही अपने बच्चों का एडमिशन भी कराया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जोरों पर चल रही है।अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
