मंडल में औद्योगिक विकास को गति देने हेतु उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर करें निस्तारण
मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं उद्यमियों की उपस्थिति में कार्यालय स्थित गांधी सभागार में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा इस उद्देश्य से जिला उद्योग बंधु की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं। साथ ही, उपायुक्त उद्योग, फतेहपुर द्वारा नियमित बैठकें न किए जाने पर उन्होंने 31 मार्च को ही बैठक आयोजित कर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान रोजगारपरक योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष 100 प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए, क्योंकि इनका मुख्य उद्देश्य युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराना है। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
ऋणपरक योजनाओं में मंडल की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अवगत कराया गया कि ‘एक जनपद एक उत्पाद’ मार्जिन मनी योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंकों द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष 115 प्रतिशत ऋण वितरण किया गया, जबकि ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ योजना में यह उपलब्धि 95.13 प्रतिशत रही।
निवेश मित्र पोर्टल पर यूपी सीडा के पाँच प्रकरण समयसीमा के उपरांत भी लंबित पाए जाने पर आरएम यूपी सीडा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि निवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा निवेशकों का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
पिछली बैठक में आरएम, यूपी सीडा को नैनी औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए थे, परंतु कार्य प्रारंभ न होने पर मुख्य विकास अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं, उद्यमियों ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिस पर मंडलायुक्त ने उनसे लिखित रूप में सुझाव उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग श्री अजय कुमार चौरसिया, एलडीएम, उद्यमी एवं उद्योग समिति के सदस्य श्री मुरारी लाल अग्रवाल, श्री नटवर लाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
