कटरा-बाजार में 206 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब,पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे ने लगाया धांधली का आरोप, 70 लोगों के साथ पहुंचे डीएम कार्यालय
गोंडा जिले के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे ने इस मामले को लेकर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन से शिकायत की है।
70 समर्थकों के साथ पहुंचे डीएम कार्यालय
सोमवार को पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे करीब 70 समर्थकों के साथ पैदल सिविल लाइन स्थित डीएम कार्यालय पहुंचे और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी का विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के दौरान 206 जीवित लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
बूथ नंबर 106 और 107 से हटे नाम
बैजनाथ दुबे के अनुसार:
• बूथ संख्या 106 से 147 नाम काटे गए
• बूथ संख्या 107 से 59 नाम हटाए गए
उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक की भूमिका संदिग्ध है और यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में धांधली है।
डीएम ने मांगे साक्ष्य
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने पूर्व विधायक से कहा है कि वे कटे हुए मतदाताओं के नाम और संबंधित प्रमाण प्रस्तुत करें, ताकि मामले की जांच कराई जा सके।
तहसील घेराव की चेतावनी
बैजनाथ दुबे ने कहा कि वे जल्द ही सभी प्रभावित लोगों के साक्ष्य और शपथपत्र डीएम को सौंपेंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो 16 मार्च 2026 को करनैलगंज तहसील का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में भाजपा विधायक के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दायर किया जाएगा और जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण
