गोंडा जनपद में अलग–अलग हादसों से तीन मौतें, रेलवे ट्रैक, सड़क और नदी किनारे मिला शव
Type Here to Get Search Results !

Advertisement

Acrc institute Acrc instituteAcrc institute

Recent Tube

गोंडा जनपद में अलग–अलग हादसों से तीन मौतें, रेलवे ट्रैक, सड़क और नदी किनारे मिला शव



गोंडा जनपद में बीते 24 घंटों के भीतर अलग–अलग थाना क्षेत्रों से तीन दर्दनाक घटनाएं सामने आईं, जिनमें कुल तीन लोगों की मौत हो गई। कहीं ट्रेन से गिरकर युवक की जान चली गई, तो कहीं सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, वहीं तीसरे मामले में एक राजगीर मिस्त्री का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला। तीनों घटनाओं से क्षेत्र में शोक का माहौल है।


ट्रेन से गिरकर युवक की मौत

नवाबगंज थाना क्षेत्र के मनकापुर–अयोध्या रेलवे ट्रैक पर पार्वती गांव के पास रविवार की शाम करीब 30 वर्षीय युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पैर और कमर में गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पुलिस की तलाशी में युवक का आधार कार्ड बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान सुरेश हेमराम पुत्र कविराज हेमराम, निवासी सुंदरपुर कोटालपुर, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि युवक संभवतः ट्रेन से गिरकर घायल हुआ था। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और परिजनों से संपर्क का प्रयास किया जा रहा है।


सड़क हादसे में महिला की जान गई

मोतीगंज थाना क्षेत्र के मतवरिया गांव में शनिवार शाम सड़क दुर्घटना में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका विट्टा देवी घर से छजवा बाजार दवा लेने जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार व लापरवाही से चल रही एक मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। मृतका के पुत्र रामसिंगार की तहरीर पर एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर अरविंद यादव ने बताया कि मामले की जांच दारोगा योगेंद्र सिंह को सौंपी गई है।


नदी किनारे पेड़ से लटकता मिला राजगीर मिस्त्री का शव

खोड़ारे थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर ग्रंट से सटे विसुही नदी के किनारे रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिला। मृतक की पहचान दुर्गेश कुमार (24) पुत्र रामहित, निवासी लक्ष्मी नगर ग्रंट के रूप में हुई है, जो राजगीर मिस्त्री का काम करता था। ग्रामीणों ने शव देखकर ग्राम प्रधान को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्राम प्रधान विजय वर्मा के अनुसार दुर्गेश शनिवार को काम के लिए घर से निकला था और उसकी शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।


गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies