प्रयागराज: सरायइनायत थाना क्षेत्र के सहसों चौकी के ननकापुर, उमरी गांव में शुक्रवार को सुबह एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी होने पर महिला के मायके वाले भी पहुंच गए और ससुरालियों पर दहेज में बुलेट के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाने लगे। पिता की तहरीर पर मृतका के पति, ससुर, सास, जेठ समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। थरवई थाना क्षेत्र के ताराडीह, फतेहगंज निवासी राम सिंह यादव ने अपनी पुत्री सरिता यादव (35) की शादी चार वर्ष पूर्व सरायइनायत थाना क्षेत्र के ननकापुर, उमरी गांव के पंकज यादव पुत्र राजेंद्र यादव के साथ की थी। पंकज मुंबई में टैक्सी चालक है। शुक्रवार को सुबह तकरीबन नौ बजे सरिता ने अपना कमरा अंदर से बंद करके पंखे में साड़ी का फंदा लगाकर झूल गई।
कुछ देर बाद सरिता की तीन वर्षीय पुत्री लाडो मां को आवाज देने लगी तो कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। पुत्री के बार-बार आवाज देने पर जब दरवाजा नहीं खुला तो वह रोने लगी। इसी बीच किसी ने कमरे की खिड़की से झांक कर देखा तो सरिता फांसी पर लटक रही थी। सूचना पर एसीपी थरवई चंद्रपाल सिंह, एसओ संजय कुमार गुप्ता पुलिस फोर्स एवं फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे फांसी से उतरा और लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किया फोरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य इकट्ठा किया। घटना के समय पति मुंबई में था। जानकारी होने पर घर के लिए चल दिया है। मृतका के बहनोई वीरेंद्र यादव निवासी जुनेदपुर से जानकारी पाकर पिता राम सिंह भी परिवार वालों के साथ पहुंच गए और ससुरालियों पर दहेज में बुलेट बाइक के लिए पुत्री को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया, जिससे मायके व ससुराल पक्ष के लोगों के बीच विवाद होने लगा। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। मृतका के पिता राम सिंह यादव की तहरीर पर पुलिस ने पति पंकज यादव, ससुर राजेंद्र यादव, सास प्रभावती देवी, जेठ अरुणेंद्र यादव, जेठानी सरिता एवं देवर भैयन यादव के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया है।