प्रतापगढ़: नगर कोतवाली के बेनीपुर में मंगलवार की रात रास्ते में खड़ी स्कॉर्पियो (कार) हटाने को लेकर विवाद हो गया। विरोध कर रहे लोगों पर पड़ोसियों ने गोलियां बरसाईं। जिससे दो लोग घायल हो गए। शोर शराबा व फायरिंग की आवाज सुनकर भाई दौड़ा तो उसे स्कॉर्पियो से कुचलने का प्रयास हुआ। परिजनों ने तीनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दूसरे पक्ष के भी तीन घायलों का उपचार कराने के बाद पुलिस ने बुधवार को जेल भेजा। बेनीपुर निवासी शैलेंद्र पांडेय (28) मंगलवार की रात करीब पौने ग्यारह बजे नगर कोतवाली के गोंड़े सोनावां से आंवला का उत्पाद खरीदकर कार से घर लौट रहे थे। शैलेंद्र के घर के पहले अनिल तिवारी के घर सामने रास्ते में स्कार्पियो समेत दो कारें खड़ी थीं। जिसके चलते वह अपने घर नहीं जा पा रहे थे। रास्ते में खड़ी कार को लेकर शैलेंद्र के एतराज जताने पर अनिल के घर वालों से विवाद शुरू हो गया। अवनीश पांडेय उर्फ प्रिंस के अनुसार कहासुनी के बीच ही अनिल और उनके घर पर मौजूद लोगों ने लाइसेंसी बंदूक से उनके भाई शैलेंद्र पर फायर झोंक दिया। दोनों पैर की जांघ में लगी गोली
दोनों पैर की जांघ में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़े। फायर की आवाज सुनकर भाई प्रतीक पांडेय (32) पहुंचे। हमलावरों ने उनके पैर में भी गोली मार दी। शोर शराबे के बीच घर से बड़े भाई आशीष पांडेय (38) बाहर दौड़े तो हमलावरों ने उन्हें कुचलने की नीयत से उनके एक पैर पर वाहन चढ़ा दिया। भीड़ जमा होने पर आरोपी भाग निकले। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज ले आया गया। देर रात अवनीश पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने अभिनव तिवारी, अखिल तिवारी, विवेक तिवारी, अनिल तिवारी के अलावा विवेक नगर निवासी अभिषेक सिंह, फेनहा निवासी गोविंद पांडेय और अभिषेक सिंह पुत्र अनिल त्रिपाठी व अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया।
देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचे आरोपी पक्ष के तीन लोगों को उपचार के लिए पुलिस ने भर्ती कराया। पुलिस उनकी निगरानी में डटी रही। नगर कोतवाल जयचंद भारती ने बताया कि जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी अनिल तिवारी, अभिनव तिवारी और गोविंद पांडेय को अस्पताल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ सिटी शिवनारायण वैश ने बताया कि बेनीपुर में दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन को लेकर अदावत चल रही थी। नामजद तीन आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।
जमीन को लेकर चल रही थी मुकदमेबाजी, कई दिनों से तनातनी
नगर कोतवाली के बेनीपुर में दो पक्षों के बीच रास्ते में कार खड़ी करने को लेकर विवाद अचानक नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि चारागाह समेत कुछ दूसरी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी दिनों से मुकदमे बाजी चल रही थी। न्यायालय के फैसले के बाद अनिल तिवारी पक्ष के लोग विरोधियों से खार खाए हुए थे। कई दिनों से तनातनी का माहौल था। इसे शैलेंद्र पक्ष के लोग भांप नही सके।
