उमेश पाल हत्याकांड में फरार चल रहे पांच लाख के तीन इनामी शूटराें के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की कर दी गई है। इनमें गुड्डू मुस्लिम के साथ ही साबिर व अरमान शामिल हैं। तीनों हत्याकांड के बाद से ही लगभग डेढ़ साल से फरार हैं। उनके खिलाफ पूर्व में कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है। तीनों उमेश पाल हत्याकांड के नामजद आरोपी हैं। घटना के बाद ही उनके खिलाफ पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। तलाश में एसटीएफ तक लगी लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। गुड्डू मुस्लिम मूल रूप से शिवकुटी के लाला की सराय, साबिर पूरामुफ्ती के मरियाडीह व अरमान सिविल लाइंस का रहने वाला है। तीनों उमेश पाल व उनके दो सरकारी गनर की हत्या की घटना के सीसीटीवी फुटेज में भी नजर आए हैं। गुड्डू मुस्लिम ने घटना के दौरान उमेश व उनके गनर राघवेंद्र सिंह पर बम से हमला किया था जबकि साबिर व अरमान ने कार में बैठे गनर संदीप निषाद पर राइफल व पिस्टल से गोलियां बरसाई थीं।
हत्याकांड के बाद से ही तीनों चल रहे हैं फरार
कुर्की की कार्रवाई के बाद भी वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुए और इसी क्रम में अब पुलिस ने उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसमें बताया गया है कि वारदात को अंजाम देने में तीनों शामिल थे और सीसीटीवी फुटेज, अन्य अभियुक्तों के बयान व विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों से इसकी पुष्टि हुई है।
तमाम प्रयासों के बावजूद वह गिरफ्तार नहीं हुए और आदेश के बावजूद कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। उन पर अदालत के आदेश की अवमानना का भी केस दर्ज किया जा चुका है। ऐसे में उनके खिलाफ चार्जशीट लगाई गई है। डीसीपी नगर अभिषेक भारती ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगा दी गई है।
शाइस्ता, जैनब व आयशा नूरी की तलाश जारी
इस प्रकरण में 50 हजार की इनामी शाइस्ता परवीन समेत अतीक अहमद के परिवार की तीन महिलाएं भी आरोपी हैं, जिनकी तलाश जारी है। इनमें अशरफ की पत्नी जैनब उर्फ रूबी और अतीक-अशरफ की बहन आयशा नूरी शामिल हैं। तीनों घटना के बाद से फरार हैं। मेरठ निवासी आयशा नूरी का शौहर इकलाख अहमद भी इस हत्याकांड का आरोपी है और जेल भेजा जा चुका है।
अब तक 15 पर चार्जशीट
उमेशपाल हत्याकांड में अब तक 15 आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इनमें से 12 जेल में हैं जबकि तीन फरार हैं। जेल में निरुद्ध आरोपियों में अतीक के दो बेटे उमर व अली भी शामिल हैं।
सभी आरोपियों पर गैंगस्टर जल्द
सूत्रों का कहना है कि इस प्रकरण में जिन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगाई जा चुकी है, उनके खिलाफ जल्द ही गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को इस बात के प्रमाण मिले हैं कि यह गैंग आर्थिक लाभ के लिए संगठित होकर अपराध करता रहा है। पूर्व में यह गैंग अतीक व अशरफ की सरपरस्ती में संचालित होता रहा। जबकि अब इसका सरगना अतीक का बेटा अली है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस गैंग पर शिकंजा कसा जाएगा।
हत्याकांड में चौथी पूरक चार्जशीट
इस मामले में अब चौथी पूरक चार्जशीट दाखिल की गई है। सबसे पहले प्रारंभिक चार्जशीट मई 2023 में सदाकत खान के खिलाफ दाखिल की गई थी। इसके बाद पहली पूरक चार्जशीट 17 जून 2023 को खान शौलत हनीफ, इकलाख अहमद समेत आठ आरोपियों के खिलाफ लगाई गई। अक्तूबर 2023 में विजय मिश्रा के खिलाफ दूसरी पूरक चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित की गई। इसी साल जुलाई में उमर व अली के खिलाफ तीसरी पूरक चार्जशीट दाखिल की गई थी।
