भीषण सड़क हादसा, बोलेरो ट्रक से टकराई दो सगे भाइयों की मौत, बुझ गया घर का चिराग परिवार में मचा कोहराम
गोंडा में भीषण सड़क हादसा श्रावस्ती से अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की बोलोरो गाड़ी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद जांच करती पुलिस
घने कोहरे के कारण गुरुवार को अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल है। जिनका जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गोंडा बहराइच- राजमार्ग पर आर्य नगर पेट्रोल पंप के पास बोलेरो और ट्रक के आमने-सामने टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कौड़िया थानाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने बताया लोगों की सूचना पर घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां पर तैनात चिकित्सकों ने दो सगे भाइयों सुनील कुमार और उसके भाई ननके तिवारी को मृतक घोषित कर दिया। श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र के तिवारी मनोहरपुर के रहने वाले सुनील तिवारी पुत्र श्यामल प्रसाद तिवारी उम्र 50 वर्ष और उनके छोटे भाई ननके तिवारी उम्र 45 वर्ष, शिवम मिश्रा पुत्र रामकिशन मिश्र उम्र 25 वर्ष निवासी पूरे उदय, बोलेरो चालक बजरंगी पुत्र लल्लन उम्र 30 वर्ष निवासी बन्दरहवा, सौरभ पुत्र परीक्षित तिवारी उम्र 5 वर्ष बोलेरो से अयोध्या रामलला के दर्शन के लिए जा रहे थे। घना कोहरा होने की वजह से सड़क पर कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा था। जिससे गोंडा की तरफ से सीमेंट लेकर आ रही ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के सामने के परखच्चे उड़ गए। आसपास के उपस्थित लोगों ने डायल 112 पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा गया है। जहां पर तैनात चिकित्सकों ने दो सगे भाइयों को मृतक घोषित कर दिया। अन्य घायलों का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। तथा बोलेरो और ट्रक को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहरा मच गया। एक साथ दो सगे भाइयों की मौत से एक झटके में एक हंसता खेलता परिवार तबाह हो गया। पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण
