प्रयागराज: औद्योगिक थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह ई-बस में धार्मिक नारे लगाकर परिचालक हरिकेश विश्वकर्मा पर चापड़ से हमला करने वाले बीटेक छात्र लारैब हाशमी से शनिवार को एटीएस समेत अन्य खुफिया एजेंसियों ने पूछताछ की। वाराणसी से एटीएस की एक टीम सुबह ही पूछताछ के लिए एसआरएन अस्पताल पहुंची। आईबी और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट ने भी पूछताछ की। एजेंसियों ने लारैब के सोरांव के हाजीगंज स्थित घर को भी खंगाला। घर से डेस्कटाॅप, चिप, पैन ड्राइव, दो मोबाइल पांच डायरी और पूरे परिवार के बैंक पासबुक तथा अन्य चीजों को जब्त किया गया है। इनकी जांच की जा रही है। एजेंसियां इस बात की जांच में भी जुटी हैं कि लारैब का किसी आतंकी संगठन से तो संबंध नहीं है। उसने घटना के बाद चापड़ के साथ एक वीडियो बनाया था, जिसमें आपत्तिजनक तरीके से एक वर्ग को उकसाया। इसमें वह कहता दिखाई दे रहा है कि जो भी उसके मजहब की बेइज्जती करेगा, उसका यही हस्र होगा। वीडियो में भी वह लगातार धार्मिक नारेबाजी कर रहा था।
पुलिस ने रात से ही लारैब के घर पर पहरा लगा रखा था। घर वाले पहले ही फरार हो गए थे। एजेंसियों ने लारैब के कमरे और घर को खंगाला। कई इलेक्ट्राॅनिक उपकरण बरामद किए। उनकी जांच की जा रही है। उसकी पिछले कुछ महीनों की गतिविधियों के बारे में पड़ोसियों और दोस्तों से पूछताछ की गई है।
वह किससे मिलता था। करीबी दोस्त कौन हैं। किन लोगों से वह सोशल मीडिया पर चैटिंग करता था। इन सब बातों की जानकारी इकट्ठी जा रही है। कॉल डीटेल्स समेत अन्य बातों की भी जानकारी की जा रही है। हाल की यात्राओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


.jpg)