राजधानी ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, सात घायल
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

राजधानी ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, सात घायल

Mirzapur, चुनार। थाना क्षेत्र के चुनार-डगमगपुर स्टेशन के बीच रेल लाइन पार करते समय बृहस्पतिवार को सुबह में राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां दो की हालत गंभीर होने पर उनको ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी जनपद के भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा निवासी अलीमुद्दीन अपनी पत्नी रेशमा (45) व पुत्री साहिबा सुल्ताना (23), अजीम नगर भेलूपुर निवासी बानो (50) अपने पुत्र इस्तियाक (26), चुनार थाना क्षेत्र के रूदौली गांव निवासी रसीदा (70) अपने पुत्र कलीमुद्दीन (45) व पौत्री नेहा (24) और गांव के ही संतलाल (40) सोमवार को एक साथ जियारत करने अजमेर गए हुए थे। जियारत के बाद वे लोग सियालदह-अजमेर ट्रेन से वापस आ रहे थे। ट्रेन का अगला स्टापेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर था। बृहस्पतिवार को सुबह ट्रेन मिर्जापुर से आगे के लिए चली। कुछ दूर चलकर अचानक डगमगपुर चुनार के बीच रुक गई। ट्रेन रुकने पर चुनार स्टेशन के करीब ही अपना गन्तव्य होने की सोच कर सभी उतर गए। उनके उतरते ही ट्रेन चल दी। उधर, सड़क मार्ग से कोई साधन पकड़ने के लिए वे लोग रेल लाइन पार कर रहे थे, उसी बीच सुबह 4:15 बजे डाउन लाइन से गुजर रही अगरतला राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। इस हादसे में साहिबा सुल्ताना (23) पुत्री कलीमुद्दीन निवासी बजरहीडा थाना भेलूपुर वाराणसी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस के साथ ही चुनार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां संतलाल (40) व बानो (50) की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। अन्य घायलों को हल्की चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार कर उन्हें छोड़ दिया। रेलवे सुरक्षा बल चुनार के प्रभारी मो. सालिक ने बताया कि कंट्रोल रूम से घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस को सूचना देने के साथ ही मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए भेजा गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies