मिर्जापुर.ड्रमंडगंज। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग पर स्थित गलरा गड़बड़ा गेट के पास बुधवार की शाम पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें से एक की बृहस्पतिवार को सुबह उपचार के दौरान मंडलीय अस्पताल में मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल होमगार्ड को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया था। क्षेत्र के सरहरा बटउआ निवासी झल्लर तिवारी (52) बुधवार को रतेह चौराहा से होमगार्ड अक्षैवर यादव की बाइक पर पीछे बैठकर हलिया जा रहे थे। रास्ते में शाम करीब चार बजे गलरा गांव के समीप गड़बड़ा गेट के पास सड़क पर आगे चल रही एक पिकअप के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे से आ रहे झल्लर की बाइक पिकअप में टकरा गई। इस हादसे में बाइक चला रहे होमगार्ड अक्षैवर यादव व पीछे बैठे झल्लर तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों घायलों को पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से पीएचसी हलिया ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सक ने दोनों घायलों को मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। होमगार्ड कमांडेंट बीके सिंह और प्राचार्य डाॅ. आरबी कमल ट्रामा सेंटर पहुंचे। रात में ही होमगार्ड अक्षैवर यादव को ट्रामा सेंटर वाराणसी भेज दिया गया था, जबकि झल्लर तिवारी का इलाज मंडलीय अस्पताल में ही चल रहा था। बृहस्पतिवार को सुबह करीब आठ बजे मंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान झल्लर तिवारी की मौत हो गई। झल्लर सीमांत किसान थे। उनसे एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उनके पुत्र संदीप तिवारी इंदौर मध्य प्रदेश में प्राइवेट नौकरी करते हैं। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
.jpg)