कछवां। थाना क्षेत्र के कटका-बाबू सराय के पास मंगलवार को देर शाम डीसीएम के टक्कर से साइकिल सवार कालीन बुनकर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए वाराणसी के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से ट्रामा सेंटर रेफर किए जाने पर रास्ते में बुनकर की मौत हो गई। क्षेत्र के कटका गांव निवासी मन्नालाल (57) कालीन बुनाई का कार्य कर परिवार का भरण पोषण करते थे। मंगलवार की शाम करीब छह बजे वे साइकिल से बाबू सराय सब्जी लेने निकले थे। रास्ते में कटका-बाबू सराय के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डीसीएम ने साइकिल में टक्कर मार दिया। इस हादसे में साइकिल सवार मन्नालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची कछवां पुलिस ने घायल को वाराणसी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होते ही भाई झन्नालाल व अन्य परिजन भी पहुंच गए। वाराणसी अस्पताल में हालत गंभीर होने पर वहां से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन ट्रामा सेंटर लेकर जा रहे थे, इस बीच रास्ते में रात करीब एक बजे मन्नालाल की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर आए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राम स्वरूप वर्मा ने बताया कि हादसे में मन्नालाल की मौत हो गई।